घाटाल : पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल उपखंड में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से विस्तृत क्षेत्र जलमग्न हो गया है। सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं और खेत-खलिहानों को भारी नुकसान पहुँचा है।
इस संकट की घड़ी में भारत सेवा आश्रम संघ पीड़ितों के सहायतार्थ आगे आया है। संघ की ओर से घाटाल के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सूखा खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है।
चिउड़ा, गुड़, बिस्कुट, मुरमुरे जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री नाव के माध्यम से लोगों के घर-घर पहुँचाई जा रही है। सिर्फ खाद्य सहायता ही नहीं, बल्कि बीमार और घायल लोगों के इलाज के लिए अस्थायी चिकित्सा शिविर भी लगाए गए हैं, जहाँ से नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं और दवाइयाँ प्रदान की जा रही हैं।
भारत सेवा आश्रम संघ के प्रमुख सचिव स्वामी विश्वात्मानंद महाराज ने कहा, “इस आपदा में जो लोग प्रभावित हुए हैं, उनके साथ खड़ा होना हमारा धर्म है।”
उन्होंने बताया कि संगठन के संन्यासी और स्वयंसेवक नावों की सहायता से बाढ़ग्रस्त पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल थाना अंतर्गत दौलतचक, फतेपुर, रामचक, गंगाप्रसाद और निच मंसूका जैसे गांवों के लगभग 300 परिवारों को सूखा राशन और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवा रहे हैं।
भारत सेवा आश्रम संघ का यह सेवा कार्य स्थानीय लोगों के लिए राहत का संबल बना है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


