संवाद सूत्र, खड़गपुर। स्मार्ट मीटर लगाने की योजना, बिजली शुल्क बढ़ाने की आशंका तथा प्रतापपुर आपूर्ति क्षेत्र में लगातार हो रही लोडशेडिंग और लो-वोल्टेज की समस्या के विरोध में आज बिजली उपभोक्ताओं ने प्रतापपुर कस्टमर केयर सेंटर के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने प्रतीकात्मक स्मार्ट मीटर जलाकर विरोध दर्ज कराया और स्टेशन मैनेजर को आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
यह कार्यक्रम ऑल बंगाल इलेक्ट्रिसिटी कंज्यूमर्स एसोसिएशन (एबीईसीए) की पांशकुड़ा जोनल कमेटी के आह्वान पर आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के जिला कार्यालय सचिव नारायण चंद्र नायक, निलय खालुआ, स्वपन बेरा और विद्युत सामंत सहित अन्य नेताओं ने किया।
सभा को संगठन के जिला सचिव शंकर मालाकार तथा जिला कार्यालय सचिव नारायण चंद्र नायक ने संबोधित किया। बाद में वरिष्ठ नेता असित मन्ना ने प्रतीकात्मक स्मार्ट मीटर में आग लगाकर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। कार्यक्रम के अंत में पांशकुड़ा स्टेशन बाजार में विरोध जुलूस भी निकाला गया।
नारायण चंद्र नायक ने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से कालबैशाखी तूफान, बारिश या हल्के बादल छाते ही विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली काट दी जाती है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाएं और छोटे कारोबार गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लागू करने और बिजली दरों में संभावित बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
वहीं, स्टेशन मैनेजर ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि फिलहाल सरकारी कार्यालयों के अलावा घरेलू एवं अन्य उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने स्थानीय समस्याओं को उचित बताते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

