राजस्थान संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में किया प्रदर्शन

कोलकाता : राजस्थान में जारी राजनीतिक संकट को लेकर पश्चिम बंगाल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां राजभवन के सामने धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्यपाल विपक्षी दल के शासन वाले राज्यों में भगवा दल की सरकार बनवाने के लिए भाजपा के कथित एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं।

यह प्रदर्शन संविधान एवं लोकतंत्र को बचाने और राजस्थान की गहलोत सरकार के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कांग्रेस की तरफ से बुलाए गए राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का हिस्सा था। कांग्रेस कार्यकर्ता राजभवन के उत्तरी द्वार के सामने धरने पर बैठ गए और इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों के राज्यपाल और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी अमिताव चक्रवर्ती ने दावा किया, ” जिन राज्यों में भाजपा के विरोधी दलों की चुनी हुई सरकारें हैं, वहां सत्तारूढ़ दल के विधायकों को या तो डराया जा रहा है अथवा सरकार गिराने के लिए उन्हें खरीदा जा रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया, ” इन राज्यों में अतिसक्रिय राज्यपाल इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *