IMG 20260113 WA0031

युवाओं को नशा-मुक्त और जागरूक बनाने का संकल्प : हिजली कॉलेज में कानूनी जागरूकता शिविर

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण एवं खड़गपुर स्थित हिजली कॉलेज की एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच नशा-मुक्ति एवं कानूनी जागरूकता शिविर का भी सफल आयोजन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के संस्थापक जी. एस. स्यानल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। इसके पश्चात स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उद्घाटन गीत के माध्यम से कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।

मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज के सभापति अमरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रथम वक्ता सौरींद्र नाग ने डॉन स्कीम की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण एवं कानूनी जागरूकता की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध अधिवक्ता रीना सिंह ने कानूनी अधिकारों एवं दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की, जबकि प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक रेणु विश्वाल ने नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों पर छात्रों को जागरूक किया।

जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण की ओर से ऑफिस मास्टर कावेरी बसु ने संस्था की विभिन्न गतिविधियों एवं बाल अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। साथ ही छात्र-छात्राओं के समक्ष नशामुक्ति से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।

पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं व्यवस्थापन अधिकार मित्र डॉ. बासुदेव चक्रवर्ती ने किया। इस अवसर पर जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण की ओर से कौशिक पात्र, सौरभ सिंह एवं प्रियंका विश्वास भी उपस्थित रहे। कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शैक्षणिक कर्मीगण की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

यह संपूर्ण कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशिष कुमार दंडपाट के तत्त्वावधान में संपन्न हुआ। अंत में राष्ट्रगान के साथ छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त एवं न्यायपूर्ण समाज के पक्ष में संकल्प लेकर शिविर के समापन की घोषणा की गई।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

8 + 13 =