तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। जंगलमहल के प्रमुख त्योहारों में से एक बांदना पर्व है। कृषि संस्कृति से जुड़ा यह उत्सव इस इलाके के निवासियों के बीच बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस बांदना पर्व के उपलक्ष्य में इस क्षेत्र के कुछ निवासियों को उत्सव के उपहार देने की पहल मेदिनीपुर क्विज केंद्र सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने की है।
त्योहार के मौसम में यह चौथी बार है जब मेदिनीपुर क्विज केंद्र आम जनता के साथ खड़ा हुआ है। गुरुवार को क्विज केंद्र की ओर से मेदिनीपुर सदर ब्लॉक के जंगलों से घिरे और आदिवासी समुदाय वाले बेड़ा गांव की 58 परिवारों को नए कम्बल, नए मच्छरदानी सहित अन्य सामग्री वितरित की गई।
साथ ही, इस गांव के पढ़ने वाले बच्चों में शिक्षा सामग्री भी बांटी गई। स्थानीय निवासियों में उपयोगी कई वस्त्र भी वितरित किए गए। साथ ही क्विज केंद्र की तरफ से स्थानीय निवासियों को आवश्यक और महत्वपूर्ण विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया।

इसमें साँप जागरूकता, हाथी जागरूकता, बाल विवाह रोकथाम, मद्यपान के दुष्प्रभाव, महिला शिक्षा के प्रचार-प्रसार आदि विषय शामिल थे।
यह संदेश ‘शिक्षारत्न’ गौतम बोस, वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर अरिंदम दास, ‘शिक्षारत्न’ प्रधान शिक्षक डॉ. अमितेश चौधरी, प्रधान शिक्षक डॉ. प्रसून कुमार पढ़िया, प्रधान शिक्षक प्रलय संतारा सहित अन्य लोगों ने दिया। पूरे कार्यक्रम का संचालन मेदिनीपुर क्विज केंद्र के सह-सचिव एवं प्रधान शिक्षक सुभाष जाना ने किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



