खड़गपुर। भारत सरकार के गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के पूर्व क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय द्वारा 19 नवंबर को मुजफ्फरपुर में राजभाषा संगोष्ठी, पुरस्कार वितरण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय रिजर्व बैंक, पटना के क्षेत्रीय निदेशक सुजित कुमार अरविंद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रोफेसर (डॉ.) महेन्द्र मधुकर, सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्राध्यापक, कवि एवं शिक्षाविद; शैलेन्द्र प्रसाद, उप महाप्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया एवं अध्यक्ष, नराकास (मुजफ्फरपुर); विशिष्ट अतिथि डॉ. विचित्र सेन गुप्त, उपनिदेशक (कार्यान्वयन), पूर्वी क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय; तथा डॉ. वीरेन्द्र कुमार यादव, सदस्य, हिंदी सलाहकार समिति, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार की भी उपस्थिति रही।
पूर्व क्षेत्र के अंतर्गत पाँच राज्यों की कुल 64 नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों में से 15 समितियों का चयन विशेष सम्मान हेतु किया गया। खड़गपुर नगर के लिए यह गर्व का विषय रहा कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, खड़गपुर को भी इस सम्मान सूची में स्थान प्राप्त हुआ।

संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि आईआईटी खड़गपुर की अध्यक्षता में पिछले 16 वर्षों से राजभाषा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय नराकास, खड़गपुर को हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन, कार्यालयीन कार्यों में प्रभावी प्रयोग, सुसंगत समन्वयन, लक्ष्य प्राप्ति, नियमित बैठकों एवं कार्यशालाओं के आयोजन तथा नवाचार पहलों के लिए सम्मानित किया गया।
समिति ने नगर के सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में हिंदी के प्रसार में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। समारोह में आईआईटी खड़गपुर के वरिष्ठ हिंदी अधिकारी एवं नराकास के सदस्य-सचिव डॉ. राजीव कुमार रावत एवं राजेश कुमार ने मुख्य अतिथि से पुरस्कार ग्रहण किया।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि यह उपलब्धि नराकास से जुड़े सभी सदस्य कार्यालय प्रमुखों और राजभाषा अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने हिंदी के प्रोत्साहन में आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती, अध्यक्ष राजभाषा विभाग प्रो. संजय चतुर्वेदी, संस्थान की प्रबंधन टीम, नराकास खड़गपुर के सभी सदस्य कार्यालयों तथा पूर्व क्षेत्र, कोलकाता के राजभाषा विभाग द्वारा प्रदान किए गए निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



