तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। मेदिनीपुर नगर की साहित्यिक फिज़ा उस समय विशेष रूप से जीवंत हो उठी, जब चर्चित लेखिका अर्थिता मंडल के नवीन कहानी-संग्रह ‘सर्कस’ का औपचारिक प्रकाशन संपन्न हुआ।
मेदिनीपुर शहर स्थित फिल्म सोसाइटी हॉल में आयोजित इस गरिमामय समारोह में इति कथा पब्लिकेशन के सहयोग से पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
अठारह कहानियों से सुसज्जित यह संग्रह समकालीन समाज और मानव जीवन की जटिल उथल-पुथल को संवेदनशील और सधे हुए शिल्प में प्रस्तुत करता है।

समारोह में उपस्थित साहित्यकारों ने विचार व्यक्त किया कि ‘सर्कस’ न केवल पाठकों के बीच उत्सुकता जगाएगा, बल्कि समकालीन कथा-साहित्य में एक महत्वपूर्ण हस्तक्षेप के रूप में भी स्थापित होगा।
पुस्तक पर हुई विचार- परिचर्चा के दौरान कवि एवं चित्र-समालोचक सिद्धार्थ सांतरा, कवि अभिनंदन मुखोपाध्याय तथा स्वयं लेखिका अर्थिता मंडल ने अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि संग्रह की प्रत्येक कहानी मानवीय भावनाओं, सामाजिक विडंबनाओं और समय के यथार्थ को गहरे सरोकार के साथ रेखांकित करती है। भाषा की संवेदनशीलता और कथ्य की प्रखरता इस संग्रह को पाठकों के लिए विशेष रूप से आकर्षक बनाती है।
कार्यक्रम का कुशल एवं सुगठित संचालन राजेश्वरी षाडंगी ने किया। साहित्य प्रेमी पाठकों और बुद्धिजीवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने इस आयोजन को एक सार्थक और स्मरणीय साहित्यिक संध्या में परिवर्तित कर दिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



