कोलकाता हिन्दी न्यूज | 02 अगस्त 2026: प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। शनिवार रात कोलकाता के मां फ्लाईओवर पर ऐप बाइक से घर लौट रही एक निजी स्कूल की शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं।
तेज रफ्तार बाइक के दौरान अचानक चाइनीज मांझा उनके चेहरे से लिपट गया, जिससे नाक और मुंह कई जगह से गहराई तक कट गए। उन्हें तुरंत एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।
नाक और मुंह पर गहरे जख्म, चश्मे ने बचाई आंखें
घायल शिक्षिका की पहचान एशा मंडल के रूप में हुई है। मूल रूप से दुर्गापुर की रहने वाली एशा पिछले कई वर्षों से कोलकाता में रहकर एक निजी स्कूल में पढ़ाती हैं।
शनिवार रात वह ऐप बाइक से मा फ्लाईओवर से गुजर रही थीं। तभी अचानक हवा में लटक रहे चाइनीज मांझे की चपेट में आ गईं।
बाइक चालक ने मांझा देखकर सिर झुका लिया, लेकिन पीछे बैठीं एशा कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही मांझा उनके चेहरे पर लिपट गया। कुछ ही सेकंड में नाक और मुंह बुरी तरह कट गए और खून बहने लगा।
अस्पताल में चला इलाज
बाइक चालक ने तुरंत उन्हें एसएसकेएम अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, घावों में कांच के बेहद महीन कण फंसे हुए थे, जिन्हें सावधानी से निकाला गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
शिक्षिका ने बताया दर्दनाक अनुभव
घायल शिक्षिका ने कहा कि उन्हें पहले यह पता ही नहीं था कि यह चाइनीज मांझा था।
उन्होंने बताया, “जब मांझा चेहरे पर लगा तो ऐसा लगा जैसे तेज बिजली का झटका लगा हो। बाइक रोकने के बाद देखा कि चेहरा कई जगह से बुरी तरह कट चुका था। बाद में डॉक्टरों ने बताया कि यह चाइनीज मांझा था और इससे पहले भी कई लोगों की गर्दन कटने से मौत हो चुकी है।”
पहले भी हो चुकी हैं दर्दनाक घटनाएं
कोलकाता और आसपास के इलाकों में चाइनीज मांझे से हादसों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले वर्ष खड़दा के पास कल्याणी एक्सप्रेसवे पर एक पूर्व सैनिक की गर्दन कटने से मौत हो गई थी।
माँ फ्लाईओवर पर भी पहले कई बाइक सवार इस जानलेवा मांझे का शिकार हो चुके हैं।
प्रशासन ने चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन इसके बावजूद कई जगहों पर इसका अवैध कारोबार जारी रहने के आरोप लगते रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि त्योहारों और पतंगबाजी के मौसम में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त निगरानी और जागरूकता दोनों जरूरी हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

