खड़गपुर। पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम स्थित दक्षिण घोलपुकुरिया सोनाली संघ ओ पाठागार के बाल देखभाल संस्थान में विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए 220 फुट लंबा सीमेंट-कंक्रीट का पहुंच मार्ग (रैंप) तैयार किया गया है। यह निर्माण हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एचपीएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एडपेर्मा की पहल पर संपन्न हुआ।
यह कार्य एचपीएल की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत किया गया। नए रैंप के बन जाने से बच्चों को भवन के ऊपरी हिस्सों तक सुरक्षित और सहज पहुंच मिल सकेगी। इससे उनकी आवाजाही में सुविधा बढ़ेगी और संस्थान में अधिक समावेशी तथा बाल-अनुकूल वातावरण तैयार होगा।
उद्घाटन अवसर पर संस्थान के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में एचपीएल तथा उसकी कार्यान्वयन सहयोगी संस्था टीसीजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

इस पहल के माध्यम से एचपीएल ने समावेशी विकास और सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर सम्मान, आत्मनिर्भरता और समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



