मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सेंट जेवियर्स यूनीवर्सिटी ने किया डी.लिट से सम्मानित

कोलकता। पश्चिम बंगाल में उच्च शिक्षा में योगदान के लिए सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय ने ममता बनर्जी को डी.लिट की मानद उपाधि से सम्मानित किया। सोमवार को न्यूटाउन कैंपस में यह दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। ममता बनर्जी को राज्य की उच्च शिक्षा प्रणाली और विकास गतिविधियों में उनके योगदान के लिए सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी ने डी.लिट से सम्मानित किया गया है। सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय के कुलपति जॉन फेलिक्स ने यह सम्मान प्रदान किया। मंच पर राज्यपाल सीवी आनंद बोस मौजूद थे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह सम्मान आम लोगों को समर्पित किया।

इस अवसर पर 500 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद थी। डी.लिट का सम्मान मिलने के बाद ममता बनर्जी भाव विभोर हो गई। ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं यह सम्मान पाकर से बहुत भावुक हूं। मेरी ओर से सेंट जेवियर्स परिवार को बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं यह डिग्री आम लोगों को समर्पित करती हूं। क्योंकि मैं हमेशा एक साधारण इंसान बनना चाहती हूं। मैं खुद एक आम इंसान हूं, मैं आम लोगों के लिए हूं।

जो कुछ हूं जनता की बदौलत हूं। मैं अपनी ओर से इस सम्मान को देश की आम जनता और प्रदेश की आम जनता को समर्पित करना चाहती हूं।’ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि इस विश्वविद्यालय बनने का प्रस्ताव उन्होंने ही दिया। एक वाक्या बताते हुए सीएम ममता ने कहा कि एक बार जॉन फेलिक्स मुझसे बात कर रहे थे तो मैंने कहा, ‘क्या यहां सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी नहीं बन सकती? क्योंकि इस संस्था का नाम दुनिया भर में है।

इतना लोकप्रिय संस्थान। सेंट जेवियर्स से पास आउट होने के बाद यहां के छात्र सीधे सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी में प्रवेश ले सकते हैं। मैं बहुत खुश हूं, कुछ ही महीनों में उन्होंने इसे शुरू कर दिया। क्लास भी शुरू हो गई। यह चार साल का दीक्षांत समारोह है। मैं सभी के लिए शुभकामनाएं देती हूं।’