ब्रिटेन की महारानी के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक

कोलकाता। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शोक जताया है। ममता ने ट्विटर पर लिखा कि महामहिम महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर ब्रिटिश शाही परिवार और यूनाइटेड किंगडम के लोगों के प्रति मेरी संवेदना। एक युग का अंत हो गया जब ब्रिटेन की सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी अपने स्वर्गीय निवास के लिए प्रस्थान कर गई। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार रात को 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

स्कॉटलैंड के बाल्मोरल महल में उन्होंने आखिरी सांस ली। महारानी ने ब्रिटेन में 70 साल तक शासन किया। उनकी जगह पर अब प्रिंस चार्ल्स को राजा बनाया गया है। बकिंघम पैलेस ने एक बयान में कहा, ‘‘महारानी का आज दोपहर बालमोरल में निधन हो गया।’’ बयान में कहा गया, ‘‘द किंग एंड द क्वीन कंसोर्ट (चार्ल्स एंड कैमिला) आज शाम बालमोरल में रहेंगे और कल (शुक्रवार) लंदन लौटेंगे।’

शाही परिवार द्वारा जारी एक बयान में नए सम्राट चार्ल्स ने कहा, ‘‘मेरी प्यारी मां, महामहिम महारानी का निधन, मेरे और मेरे परिवार के सभी सदस्यों के लिए गहरे दुख का क्षण है। मुझे पता है कि उनके जाने के दुख को देश और राष्ट्रमंडल तथा दुनिया भर के अनगिनत लोगों द्वारा गहराई से महसूस किया जाएगा।’’  चार्ल्स (73) ने कहा, ‘‘हम महारानी और प्यारी मां के निधन पर बेहद शोक संतप्त हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *