तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। परंपरा, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों की सुगंध से सराबोर वातावरण में छत्तीसगढ़ी साहू समाज, खड़गपुर द्वारा कर्मा जयंती महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कर्मा देव की स्मृति में आयोजित यह पर्व समाज की एकता और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा।
महोत्सव के दौरान समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पारंपरिक नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। ताल, लय और लोकधुनों के संग बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे परिसर को उल्लास से भर दिया।
शिक्षा को समाज की प्रगति की मशाल मानते हुए अच्छे अंकों से उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान बच्चों के लिए प्रेरणा का दीप बनकर उनके उज्ज्वल भविष्य की राह रोशन करता नजर आया।

वहीं नारी सशक्तिकरण की भावना को साकार करते हुए महिलाओं के लिए विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
सामाजिक दायित्व की भावना को आत्मसात करते हुए समाज की ओर से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, दंत जांच तथा रक्त जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में मधुमेह (एफबीएस एवं पीपी), थायरॉइड (टीएसएच) एवं एचबीए1सी की जांच की गई।
साथ ही विशेष रियायती दर पर लिपिड प्रोफाइल, थायरॉइड प्रोफाइल (टी3, टी4, टीएसएच) तथा विटामिन डी की जांच की सुविधा भी प्रदान की गई, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया।
कर्मा जयंती महोत्सव की शोभा बढ़ाने के लिए खड़गपुर के विशिष्ट अतिथियों के रूप में दीपक कुमार दासगुप्ता, एस.ए. खान, डी. कुन्ती, अरविंद दास, सी.एच. ललिता, अमित मिश्रा, राहुल शर्मा एवं लक्ष्मी दीदी की गरिमामयी उपस्थिति रही। समाज की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और सम्मान के साथ अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर खड़गपुर के सभी छत्तीसगढ़ी साहू परिवारों की सक्रिय और उत्साही सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से भोग ग्रहण किया और आपसी सौहार्द व भाईचारे के इस उत्सव का भरपूर आनंद लिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



