Shivaji

छत्रपति शिवाजी जयंती विशेष…

श्रीराम पुकार शर्मा, हावड़ा। भारत-भूमि प्राचीन काल से ही वीर-प्रसूता रही है, जिसके प्रायः हर क्षेत्रीय कण-कण में ही समयानुसार वीर संतानों ने जन्म ग्रहण किया है। जब मुगल शक्ति अजेय बनी हुई भारत के मानचित्र पर सर्वत्र छाई हुई थी। अपनी क्रूरता से हिन्दू राष्ट्र और हिन्दू जनों को आक्रांत की हुई थी, उस दुर्भिक्ष काल में उसकी अजेय दीवार को जर्जर कर और उसके शासक वर्ग को धूल चटाते हुए ओजस्वी मराठा शक्ति गौरव के नायक ने न केवल शिवनेर की पहाड़ियों पर ही, बल्कि दूर-दूर तक मुगल साम्राज्य के कठोर सीने पर हिन्दू मराठा शक्ति के परिचायक ‘केसरिया ध्वज’ को फहराया। उस महान वीर भारत-पुत्र का ही नाम ‘छत्रपति शिवाजी’ अर्थात ‘शिवाजी शहाजी राजे भोंसले’ था, जिसके नाम को सुनकर तत्कालीन मुगल सम्राट औरंगजेब की भी रातों की नींद हराम हो जाया करती थी।

भारत माँ के वीरपुत्र, हिन्दू गौरव व मराठा गौरव के संस्थापक छत्रपति वीर शिवाजी शाह भोंसले का जन्म 19 फरवरी 1630 को पुणे जिले के जुन्नार गाँव के पास ‘शिवनेरी के किले’ में हुआ था । उनके पिता शाहजी राजे भोंसले अहमदनगर के सुल्तान की सेना में एक सैनिक के रूप में अपना पराकर्म प्रदर्शित करते हुए अपने कौशल और पुरुषार्थ के बल पर निजामशाही शासन के अंतिम वर्षों में ‘राजा-निर्माता’ जैसे प्रमुख पद की भूमिका का भी निर्वाहन किए थे। शिवाजी की माता जीजाबाई बहुत ही धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थी।

वह भगवान शिवाई (शिवजी) की परम् आराधिका थी। अतः उन्होंने अपने पुत्र का नाम भगवान शिवाई के अनुकूल ही ‘शिवा’ रखा था। वह अक्सर उन्हें ‘रामायण’ व ‘महाभारत’ सम्बन्धित वीरों और वीरता की कथाएँ सुनाया करती थीं, जिन्हें बालक शिवा बहुत ध्यान से सुना करता था। बचपन की यही मनन-भावना कालांतर में उन्हें एक प्रबल हिन्दू रक्षक के रूप में बलवंत किया और आजीवन वे हिन्दू धर्म तथा मराठा शक्ति को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए प्रयत्नशील रहें।

जब शाहजी भोंसले 1636 में बीजापुर में नौकरी कर ली, तब उन्होंने अपने बेटे शिवा और पत्नी जीजाबाई को शिवनेरी किले की देख रेख करने वाले दादोजी कोंडदेव के नियंत्रण में छोड़ कर बीजापुर चले गए। शिवाजी को हिन्दू धर्म की शिक्षा और सैन्य सम्बन्धित घुड़सवारी तथा राजनीति की बारीकियों की शिक्षा गुरु दादोजी कोंडदेव से ही प्राप्त हुई थी। बंगलोर में 12 वर्ष की अवस्था में उनका विवाह ‘साईंबाई’ के साथ हुआ था। बचपन से ही वीरता और साहसिकता शिवाजी के रग-रग में समाया हुआ था, जो उन्हें पैतृकता के रूप में प्राप्त हुई थी। मात्र 15 वर्ष की अल्पायु से ही उन्होंने बीजापुर राज्य पर धावा बोलना प्रारम्भ कर दिया था और एक छोटे से सैन्य हमला कर तोरन किले को भी जीत लिया था। इसके बाद तो उन्होंने कोंडाना और राजगढ़ किले को भी जीत कर उन पर भी अपना केसरिया झंडा फहरा दिया था।

उनके पिता शाहजी भोंसले पर शिवाजी को उसकाने के संदेह में तथा शिवाजी की बढ़ती शक्ति को नियंत्रित करने के लिए बीजापुर के तत्कालीन सुल्तान ने उन्हें कैद कर लिया। लाचारी में शिवाजी को अपने पिता को सुल्तान की कैद से छुडाने के लिए कोंडाना के किले को सुल्तान को वापस करना पड़ा। बाद में शाहजी ने बीजापुर के सुल्तान और शिवाजी के मध्य एक अस्थायी समझौता करा दिया, जिसके अनुसार केवल बीजापुर राज्य को छोड़कर शिवाजी को अब मुग़ल साम्राज्य के भू-भागों पर आक्रमण करने का छूट प्राप्त हो गया। सुल्तान की कैद से रिहाई के बाद शाहजी भोसले अस्वस्थ रहने लगे थे और 1664-65 के आस पास उनकी मृत्यु हो गई।

यह भी पढ़ें:  एक मई : मजूदरों ने अपने हक के लिए आवाज उठाई, जाने इस दिन की महत्वपूर्ण घटनाओं के बारे में

इसके बाद शिवाजी का मराठा केसरिया विजय पताका बहुत द्रुतगति से पुरंदर और जवेली की हवेली पर भी फहरने लगे। उनकी बढ़ती शक्ति से दक्षिणी मुगल साम्राज्य निरंतर क्षत-विक्षत होने लगा, जिससे तत्कालीन मुगल सम्राट औरंगजेब भी शिवाजी से सशंकित रहने लगा था। उसने 1657 में शिवाजी के विरूद्ध अपने मामा शाइस्ता खाँ के नेतृत्व में एक विशाल सेना को भेजा, जिसने पुना को अपने अधिकार में ले लिया। पर एक रात बारात के वेश में शिवाजी ने अचानक शाइस्ता खाँ पर हमला कर दिया। हमला इतना त्वरित और प्रखर था कि हजारों मुग़ल सैनिक गाजर-मुली की भाँति काट डाले गए थे। शाइस्ता खाँ किसी तरह से अपना प्राण बचकर भाग निकला, पर उसकी अँगुली शिवाजी के तलवार की भेंट चढ़ ही गयी।

इसके बाद शिवाजी ने मुगल से 1664 में सूरत को भी छीन कर उस पर मराठा का केसरिया विजयी झंडा फहरा दिया।
अब तो दक्षिण में शिवाजी अपने शत्रुओं के लिए खूंखार शेर की तरह परिणत हो गए थे, जिनकी शक्ति को नियंत्रित कर पाना किसी के वश में न थी। ऐसे में बीजापुर के सुल्तान ने 1659 में शिवाजी को ज़िंदा या मुर्दा लेकर आने के लिए अपने समर्थ सेनापति अफजल खाँ के नेतृत्व में एक बहुत बड़ी सेना भेजी। अफजल खाँ को पहले से ही शिवाजी की शक्ति का आभास था। अतः उसने शिवाजी को प्रत्यक्ष नहीं, बल्कि मित्रता की आड़ में कूटनीति से मारने की कोशिश की। परन्तु शिवाजी भी उसकी धूर्तता का उपयुक्त उत्तर देने के लिए पहले से ही तैयार थे।

मित्रता के मंच पर जैसे ही अफजल खाँ ने उनकी पीठ पर खंजर भोंकना चाहा, वैसे ही उन्होंने बड़ी चतुराई से अपने बघनखा को उसके पेट में घूँसेड़ कर उसका प्राण हर लिया। पहले से ही छुपे मराठा सैनिकों ने मुग़ल सेना को भी कुछ ही देरी में ही सफाया कर दिया। फिर शिवाजी ने बीजापुर के सुल्तान पर भी आक्रमण कर उसे प्रतापगढ़ और कोल्हापुर के युद्ध में पराजित कर दिया। बीजापुर से उनकी सेना को बहुत अतुल धन और हथियार मिले, जिससे मराठा की सेना पहले से और ज्यादा ताकतवर हो गई। बीजापुर को मराठा साम्राज्य में मिल लिया गया।

तत्पश्चात शिवाजी को नियंत्रित करने के उद्देश्य से औरंगजेब ने अपने बहादुर हिन्दू सेनापति राजा जय सिंह और दिलेर सिंह को शिवाजी के खिलाफ दक्षिण भेजा। जय सिंह ने उन सभी किलों को जीत लिया, जिनको शिवाजी ने मुगल से जीते थे और पुरन्दरपुर में शिवाजी को हरा दिया। इस हार के बाद शिवाजी को मजबूरन मुगलों के साथ समझौता करना पड़ा। उन्हें अपने पुत्र शम्भा जी के साथ आगरा के मुग़ल दरबार में उपस्थित होना पड़ा। पर औरंगजेब ने उनके साथ विश्वासघात किया। समझौते के विपरीत शिवाजी और उनके पुत्र शम्भाजी दोनों को ही कैद कर आगरा के किले में बंद कर दिया गया।

यह भी पढ़ें:  गुलाबी शहर में आकर गुलाबी हो गई हूं : मलाइका अरोड़ा

लेकिन शिवाजी बहुत ही चतुराई से पहले बीमार होने और फिर बीमार से ठीक होने का बहाना बनाते हुए फलों-मिठाइयों की टोकरी में छिप कर अपने बेटे के साथ आगरा के किले से भाग निकले और फिर तो शिवाजी ने किसी घायल खूंखार शेर की भाँति नयी ताकत के साथ पुनः मुगलों के खिलाफ जंग छेड़ दी। शिवाजी की बढ़ती ताकत पर अंकुश लगाना अब मुग़ल सम्राट औरंगजेब की शक्ति के परे था। अतः औरंजेब ने शिवाजी को ‘दक्षिण मराठा शक्ति का स्वतंत्र राजा’ स्वीकार कर लिया।

एक विशाल भू-भाग पर मराठा केसरिया झण्डा फहराने के बाद सन् 1674 में शिवाजी ने अपना राज्याभिषेक करवाना चाहा पर शिवाजी जाति के कुर्मी थे। अतः उन्हें शुद्र जाति का मान कर स्थानीय ब्राह्मणों ने उनका राज्याभिषेक करने से साफ़ ही मना कर दिया। अतः महाराष्ट्र के बाहर से ब्राह्मणों को बुलाकर उन्होंने अपना राज्याभिषेक करवाया। ऐसे विशेष अवसर पर उन्हें ‘छत्रपति’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। लेकिन इसके 12 दिन के बाद ही उनकी माता जीजाबाई का देहांत हो गया, जिस कारण शिवाजी ने शोकावकाश के कुछ समय बाद अपना पुनः राज्याभिषेक कराया और उन्होंने महाराष्ट्र में स्वतंत्र हिन्दू राज्य की स्थापना की। इसके स्मरण हेतु शिवाजी ने अपने नाम का सिक्का भी चलाया। उन्होंने अपना राष्ट्रीय ध्वज नारंगी (केसरिया) रखा था, जो हिंदुत्व का प्रतीक हैं, जिसे उनके आध्यात्मिक गुरु समर्थ रामदास जी ने प्रदान किया था।

परंतु विश्राम विहीन निरंतर अत्यधिक परिश्रम के कारण अब मराठा छत्रपति शिवाजी की तबियत ख़राब रहने लगी थी। लगातार 3 हफ़्तों तक वे तेज बुखार से पीड़ित रहें। जिसके बाद अन्य कई दिव्यात्माओं की भाँति ही मात्र 50 वर्ष की अल्पायु में ही 3 अप्रैल 1680 को हिंदुत्व के प्रबल रक्षक मराठा-गौरव ‘छत्रपति शिवाजी’ इस इहलोक को छोड़कर परलोक गमन किये। पर अपने पीछे अपने वंशजों के लिए एक विशाल हिन्दू राष्ट्र को छोड़ गए।

छत्रपति शिवाजी एक महान योद्धा और हिन्दू रक्षक मराठा क्षत्रप थे। उन्होंने वर्षों से पद-दलित हिन्दू समाज को उस समय एक नया स्वरूप प्रदान किया, जब वह मुगल शक्ति से आक्रांत होकर अपनी ही भूमि पर निस्तेज-सा हो चला था। ऐसे में आक्रांत और निराश हिन्दू समाज के लिए एक प्रबल सहारा बनकर उभरे शिवाजी राजे भोंसले। अगर वे उस समय हिन्दू समाज का सहायक न बने होते, तो आज हमारा देव व ऋषि-मुनियों की यह पावन सनातन भूमि पूर्णतः मुगलिया देश ही हो गया होता, जैसे कि कई देश हो चुके हैं। यही कारण है कि शिवाजी को महाराष्ट्र प्रान्त में भगवान से कम आदर-सम्मान प्राप्त नहीं है। वे तो हिन्दू गौरव के प्रतीक माने जाते हैं।

शिवाजी बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उनके चरित्र में बहादुरी, बुद्धिमानी, शौर्यता, कुशल प्रशासक, दयालुता आदि के अनगिनत दिव्य रत्नगुण समाहित थे। उन्होंने तत्कालीन शासकों से लोहा लेने के लिए ‘गनिमी कावा’ (छापामार युद्ध) कूटनीति तैयार की थी, जिससे किसी भी विरोधी साम्राज्य पर अचानक इस तरह से आक्रमण कर दिया जाता था, कि इसका उसे आभास तक भी न हो पाता था और उसे संभलने का मौका भी न मिल पाता था। फिर वहाँ के शासक को अपनी गद्दी छोड़नी ही पड़ती थी। इसके लिए शिवाजी को इतिहास में हमेशा याद किया जाता है और याद किया जाता ही रहेगा।

यह भी पढ़ें:  शालबनी : बाल विवाह रोकने के लिए भीमपुर गर्ल्स हाई स्कूल की महत्वपूर्ण पहल

हिंदुत्व के प्रबल रक्षक मराठा-गौरव ‘छत्रपति शिवाजी’ महाराज की जयंती मनाने की शुरुआत वर्ष 1870 में पुणे में महात्मा ज्योतिराव फुले द्वारा की गई थी। उन्होंने ही पुणे से लगभग 100 किलोमीटर दूर रायगढ़ में शिवाजी महाराज की समाधि की खोज की थी। बाद में स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक ने ब्रिटिश शासन के विरूद्ध स्वतंत्रता आन्दोलन के दौरान सम्पूर्ण भारतवासी को देश की स्वतंत्रता की लड़ाई को मजबूती प्रदान करने के लिए ‘शिवाजी महाराज जयंती’ मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया। उनकी वीरता और उनका योगदान देशवासियों को अनंत काल तक देश और जातीय हित हेतु सर्वदा प्रेरित करता रहे, इसीलिए प्रति वर्ष ही देश भर में “शिवाजी जयंती” मनाई जाती रही है।
हम छत्रपति शिवाजी महाराज की 393 वीं जयंती पर उन्हें सादर नमन करते हैं।

(छत्रपति शिवाजी जयंती, 19 फरवरी, 2023)

श्रीराम पुकार शर्मा, लेखक

श्रीराम पुकार शर्मा,
24, बन बिहारी बोस रोड,
हावड़ा – 711101 (पश्चिम बंगाल)
ई-मेल सम्पर्क सूत्र – rampukar17@gmail.com

Kolkata News Desk Avatar

Kolkata News Desk

News Editor MA

कोलकाता और पश्चिम बंगाल की ब्रेकिंग न्यूज, स्थानीय घटनाओं, खेल, राजनीति और सामाजिक मुद्दों की खबरों को कवर करता है। हमारी डेस्क टीम 24×7 सक्रिय रहकर पाठकों को ताज़ा और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराती है।

Areas of Expertise: Sports, Politics & West Bengal
Fact Checked & Editorial Guidelines

Our Fact Checking Process

We prioritize accuracy and integrity in our content. Here's how we maintain high standards:

  1. Expert Review: All articles are reviewed by subject matter experts.
  2. Source Validation: Information is backed by credible, up-to-date sources.
  3. Transparency: We clearly cite references and disclose potential conflicts.
Reviewed by: Subject Matter Experts

Our Review Board

Our content is carefully reviewed by experienced professionals to ensure accuracy and relevance.

  • Qualified Experts: Each article is assessed by specialists with field-specific knowledge.
  • Up-to-date Insights: We incorporate the latest research, trends, and standards.
  • Commitment to Quality: Reviewers ensure clarity, correctness, and completeness.

Look for the expert-reviewed label to read content you can trust.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *