कोलकाता, 2 मार्च 2026: भारतीय सिनेमा में महिलाओं के जटिल और गहरे किरदारों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में नई बंगाली फिल्म ‘छेलेधोरा’ चर्चा में है, जो मां-बेटी के रिश्ते, अपराधबोध और आत्म-खोज जैसी भावनाओं पर केंद्रित है।
यह इंडो-अमेरिकन प्रोडक्शन है और 1 मार्च से इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही हैं जानी-मानी अभिनेत्री स्वास्तिका मुखर्जी।
स्वास्तिका मुखर्जी का किरदार ‘बृष्टि’
स्वास्तिका ने फिल्म में बृष्टि नाम की एक तलाकशुदा महिला का किरदार निभाया है, जो भावनात्मक रूप से काफी जटिल और कमजोरियों से भरी हुई है।

स्वास्तिका ने कहा: “यह कहानी उन पलों की है, जब इंसान खुद को सबसे कमजोर महसूस करता है, लेकिन उसी समय उसके अंदर से असली ताकत निकलती है। बृष्टि ऐसा किरदार है, जिसे पहली नजर में लोग शायद पसंद न करें, क्योंकि वह जल्दबाजी में फैसले लेती है और कई बार गलतियां करती है। लेकिन, अपनी बेटी के लिए उसका प्यार सच्चा और बेहद गहरा है।”
कहानी में बृष्टि अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए उसे बिना इजाजत अपने साथ ले जाती है। इमोशनल होकर उठाया गया यह कदम अचानक गंभीर हालात में बदल जाता है, जब बच्ची सच में किडनैप हो जाती है। इसके बाद बृष्टि को अपनी गलती सुधारने और बेटी को वापस लाने के लिए असामान्य रास्ता अपनाना पड़ता है।
स्वास्तिका ने आगे कहा: “यह सफर सिर्फ एक मां की तलाश नहीं है, बल्कि एक महिला की आत्म-खोज की यात्रा भी है। फिल्म इस बात को भी दिखाती है कि कई बार माता-पिता खुद अपनी कमियों को नहीं समझ पाते, लेकिन मुश्किल हालात उन्हें आईना दिखा देते हैं।”
हीलिंग और दूसरा मौका फिल्म का केंद्र
फिल्म का निर्देशन शिलादित्य मौलिक कर रहे हैं। उन्होंने कहा: “‘छेलेधोरा’ माता-पिता की कहानी है। यह एक रोड जर्नी की तरह आगे बढ़ती है, जिसमें कई उतार-चढ़ाव और भावनात्मक मोड़ आते हैं।
लेकिन, इसके केंद्र में हीलिंग, माफी और दूसरा मौका है। मेरा मानना है कि बच्चे कई बार बड़ों के लिए नैतिक दिशा दिखाने वाले बन जाते हैं और यह फिल्म उसी भावना को सामने लाती है।”
शूटिंग लोकेशन
फिल्म की शूटिंग अरुणाचल प्रदेश के खूबसूरत शहरों ईटानगर और जीरो वैली में की जा रही है। शिलादित्य मौलिक ने कहा: “अरुणाचल प्रदेश सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि वहां के प्रतिभाशाली कलाकारों और तकनीशियनों के लिए भी जाना जाता है। फिल्म की टीम में 14 सदस्य इसी क्षेत्र से हैं।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



