IMG 20260124 WA0022

छह दशक की साधना का उत्सव : चूयाडांगा हाईस्कूल में हीरक जयंती के बहाने शिक्षा और संस्कृति का महाकुंभ

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर सदर ब्लॉक के चूयाडांगा हाईस्कूल ने अपनी स्थापना के 60 गौरवपूर्ण वर्ष पूर्ण होने पर पाँच दिवसीय हीरक जयंती उत्सव के माध्यम से शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक चेतना का ऐसा उत्सव रचा, जो लंबे समय तक स्मृति में रहेगा। विद्यालय प्रांगण इन पाँच दिनों तक उत्सवधर्मी ऊर्जा, लोकपरंपराओं और रचनात्मक अभिव्यक्तियों से जीवंत रहा।

उत्सव की शुरुआत विद्यालय ध्वजारोहण और संस्थान के प्राणपुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात रंगीन पताकाओं, पतानाचा, जयढाक, कलसी नृत्य, बैंड प्रदर्शन और एनसीसी कैडेटों की सुसज्जित परेड के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

जिसने आसपास के क्षेत्रों का परिक्रमा किया। इस शोभायात्रा में इंग्लिश चैनल विजेता तैराक आफरीन जाबी, उनके पिता पीयार अली, एमकेडीए के उपाध्यक्ष प्रद्योत घोष सहित कई विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल हुए।

शोभायात्रा के समापन के बाद दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से औपचारिक उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय विधायक दीनेन राय, आफरीन जाबी, विद्यासागर पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार रोशेनारा खान, लोकसंस्कृति शोधकर्ता डॉ. मधुप दे, ग्राम पंचायत अध्यक्ष रबिउल हुसैन सरदार, समाजसेवी मुकुल सामंत, सेलीम मलिक, सव्यसाची मंडल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

विद्यालय की ओर से प्रधान शिक्षक शुभेंदु सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि विद्यालय अध्यक्ष गणि इस्माइल मलिक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुदिप कुमार खाँड़ा एवं अभिक कुमार माइति ने किया।

अतिथियों ने अपने संबोधनों में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक भूमिका की मुक्तकंठ से सराहना की।
उत्सव के विभिन्न दिनों में पूर्व प्रधान शिक्षक फेतू अली, अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त आचार्य डॉ. विश्वजीत सेन, अकादमी पुरस्कार विजेता साहित्यकार निर्मल्य मुखोपाध्याय, खिलाड़ी पिंटू साउ तथा समाजसेवी गोपाल साहा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मंचासीन रहे।

पाँच दिनों तक चले इस समारोह में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, पूर्व विद्यार्थियों और आमंत्रित कलाकारों ने नृत्य, संगीत, नाटक, यात्रा-पाला, गीति आलेख्य, लोकनृत्य, मूकाभिनय, कठपुतली नृत्य, जादू और क्विज जैसे विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने के प्रतीक स्वरूप शिक्षिका रूपा बेरा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं द्वारा 60 से अधिक नृत्य प्रस्तुतियाँ दी गईं। शिक्षकों का भांगड़ा नृत्य, ‘हिंगसुटे दैत्य’ नृत्य-नाट्य और ‘चंडालिका’ गीति आलेख्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहे।

शिक्षक सुशांत घोष एवं मुस्ताक अली के निर्देशन में प्रस्तुत यात्रा-पाला ‘एकटी पयसा’ ने सामाजिक संदेश के साथ गहरी छाप छोड़ी। नदिया जिले के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कठपुतली नृत्य और मेदिनीपुर क्विज सेंटर की ऑडियो-विजुअल क्विज प्रतियोगिता को भी दर्शकों ने खूब सराहा।

हीरक जयंती के अवसर पर शिक्षक जगन्नाथ मंडल के संपादन में स्मारक पत्रिका ‘हीरक द्युति’ का विमोचन किया गया। साथ ही शिक्षा, खेल, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गुणीजनों को सम्मानित किया गया। अंतिम दिन रंग-बिरंगी आतिशबाजी के साथ उत्सव का भव्य समापन हुआ।

समापन अवसर पर प्रधान शिक्षक शुभेंदु सिन्हा और अध्यक्ष गणि इस्माइल मलिक ने सभी अतिथियों, कलाकारों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उत्सव की सफलता की घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि हीरक जयंती वर्ष के दौरान विद्यालय ने रक्तदान शिविर, मॉडल प्रदर्शनी, अंतरविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता जैसे अनेक सामाजिक-शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन कर अपनी सक्रिय भूमिका को और सुदृढ़ किया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × four =