- दक्षिणेश्वर में TMC कार्यकर्ताओं के विरोध के बीच कालीघाट मंदिर में पूजा, आयोग की प्रतिबद्धता दोहराई
हावड़ा/कोलकाता, 10 मार्च 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को बेलूर मठ में दर्शन-पूजन किया। हावड़ा में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव आयोग बिना किसी दबाव या हिंसा के सफलतापूर्वक चुनाव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बेलूर मठ में पूजा-अर्चना
सीईसी ज्ञानेश कुमार ने पूज्यनीय रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद की तपोभूमि बेलूर मठ जाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा: “पश्चिम बंगाल के सभी भाइयों और बहनों को मेरा नमस्कार। देवी काली सभी को सुरक्षित और स्वस्थ रखें। जय भारत, जय हिंद।”
“बेलूर मठ आकर चुनाव आयोग एक बार फिर पश्चिम बंगाल के सभी मतदाताओं को बताना चाहता है कि पश्चिम बंगाल के चुनाव बिना किसी दबाव या हिंसा के कराने के लिए कटिबद्ध है।”
मुख्य बातें –:
- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार बेलूर मठ पहुंचे, पूजा-अर्चना की
- बिना दबाव-हिंसा के निष्पक्ष चुनाव की प्रतिबद्धता दोहराई
- दक्षिणेश्वर काली मंदिर में TMC कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए
- आयोग ने राजनीतिक दलों से मुलाकात की, सुरक्षा और एसआईआर पर चर्चा
- दलों की मांग: हिंसा-धांधली रोकने के लिए कड़े कदम, बड़ी संख्या में सीएपीएफ
दक्षिणेश्वर में TMC कार्यकर्ताओं का विरोध
इससे पहले सोमवार को दक्षिणेश्वर काली मंदिर दर्शन के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मंदिर के द्वार पर जमा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लहराए और “गो बैक” के नारे लगाए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने वहां भी प्रार्थना की और देवी का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि आयोग पश्चिम बंगाल में हिंसा मुक्त और दबाव मुक्त चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
आयोग की पूर्ण पीठ की बैठकें
एक दिन पहले 9 मार्च को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्तों डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
आयोग ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनके सुझाव मांगे। अधिकांश दलों ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की सराहना की और आयोग पर पूरा विश्वास जताया।
दलों ने मतदाताओं को धमकाने और असामाजिक तत्वों की हिंसा रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह किया। कई दलों ने बड़ी संख्या में सीएपीएफ तैनात करने, कच्चे बमों, अवैध हथियारों, धन और बाहुबल के इस्तेमाल पर चिंता जताई।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



