कोलकाता | 5 फरवरी 2026: पश्चिम बंगाल में चल रही माध्यमिक (10वीं) बोर्ड परीक्षा के बीच एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। भवानीपुर स्थित एक नामी स्कूल की गलती के कारण एक छात्र को सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड (Admit Card) नहीं मिल पाया।
मामला अंततः कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचा, जहां कोर्ट ने स्कूल प्रशासन पर कड़ी नाराजगी जताई। न्यायमूर्ति अमृता सिन्हा ने मामले की सुनवाई करते हुए स्कूल की लापरवाही को “अस्वीकार्य” बताया और स्कूल अथॉरिटी पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
साथ ही वेस्ट बंगाल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (WBBSE) को छात्र को परीक्षा में बैठने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
कोर्ट की सख्त टिप्पणी
सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, जस्टिस अमृता सिन्हा ने आदेश दिया कि स्कूल की लापरवाही के कारण किसी स्टूडेंट का साल इस तरह बर्बाद नहीं किया जा सकता।अगर स्कूल की गलती के कारण कोई परीक्षा में बैठने के मौके से वंचित रह जाता है, तो यह उनके साथ अन्याय होगा।
न्यायमूर्ति अमृता सिन्हा ने टिप्पणी करते हुए कहा कि “एक छात्र का भविष्य किसी प्रशासनिक गलती की भेंट नहीं चढ़ सकता। स्कूल की जिम्मेदारी है कि वह समय पर सही जानकारी बोर्ड को उपलब्ध कराए।”
छात्र को तुरंत नामांकन और एडमिट कार्ड देने का आदेश
हाई कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया कि
- सेकेंडरी छात्र अयान दास को शुक्रवार शाम तक एनरोलमेंट दिया जाए
- वेस्ट बंगाल बोर्ड को तत्काल आधार पर एडमिट कार्ड जारी करना होगा
कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि जिस स्कूल अधिकारी की लापरवाही के कारण छात्र का नाम बोर्ड में दर्ज नहीं हो पाया, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई (Departmental Action) शुरू की जाए।
क्या है पूरा मामला
कलकत्ता हाई कोर्ट के सूत्रों के अनुसार, स्कूल में अयान दास नाम के दो छात्र पढ़ते थे।
- एक अयान दास प्री-सेकेंडरी टेस्ट में फेल हो गया था
- दूसरा अयान दास, जो इस मामले का याचिकाकर्ता है, योग्य (Eligible) था और उसने सभी आवश्यक परीक्षाएं पास की थीं
लेकिन स्कूल प्रशासन ने गलती से फेल छात्र का नाम वेस्ट बंगाल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन को भेज दिया। बोर्ड ने उसी नाम पर एडमिट कार्ड जारी कर दिया, जबकि योग्य छात्र का नाम बोर्ड को भेजा ही नहीं गया।
जब परीक्षा की तारीख नजदीक आई और योग्य छात्र को एडमिट कार्ड नहीं मिला, तब उसके अभिभावकों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
स्कूल ने मानी गलती
सुनवाई के दौरान स्कूल की ओर से पेश वकील ने लापरवाही स्वीकार करते हुए कहा कि गलती सामने आते ही स्कूल ने बोर्ड से संपर्क किया था।
हालांकि, बोर्ड की ओर से दलील दी गई कि ऑनलाइन पोर्टल बंद हो चुका था, इसलिए अंतिम समय में सुधार संभव नहीं था।
हाई कोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया और छात्र के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए तुरंत राहत देने का आदेश दिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

