योगी आदित्यनाथ की तरह बंगाल में भी चलाए जाएंगे बुलडोजर : शुभेंदु

कोलकाता। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में कहा कि बंगाल में हम एक राष्ट्रवादी सरकार बहुत जल्द लाएंगे और योगी आदित्यनाथ की तरह बंगाल में भी राज्य विरोधी ताकतों पर बुलडोजर चलाएंगे। बैरकपुर में तिरंगा यात्रा में शामिल होने के दौरान उन्होंने यह बात कही। बैरकपुर में मीडिया को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नीति आयोग की बैठक में शामिल होने दिल्ली गईं थी, लेकिन इस बैठक में ममता बनर्जी को बोलने का मौका नहीं दिया गया। क्योंकि ममता बनर्जी ने सार्वजनिक मंच से नीति आयोग का विरोध किया था। शुभेंदु ने नीति आयोग के आयोजकों को इसके लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि अच्छा किया जो ममता बनर्जी को बोलने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद युवा मोर्चा का श्रीनगर के लाल चौक पर एक विशाल बाइक रैली का आयोजन प्रमुख है। इस तरह के आयोजन बंगाल भी भी किए जाएंगे। उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हिंदू जागरण मंच द्वारा तिरंगा यात्रा बैरकपुर वायरलेस गेट से शुरू की गई।

इसमें नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के अलावा प्रदेश भाजपा सचिव फाल्गुनी पात्रा, हिंदू जागरण मंच बैरकपुर संगठनात्मक जिला समन्वयक रोहित साव, प्रसेनजीत चक्रवर्ती, बैरकपुर शहर सचिव जॉय घोष, राज्य युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव उत्तम अधिकारी, भाजपा बैरकपुर संगठनात्मक जिलाध्यक्ष संदीप बंद्योपाध्याय, बैरकपुर जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष बिमलेश तिवारी, बैरकपुर संगठनात्मक जिला भाजपा महासचिव मानस दे व अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया। जुलूस बैरकपुर वायरलेस मोड से शुरू हुई और लालकोठी फ्लाईओवर के नीचे बैरकपुर सुभाष नगर कॉलोनी होते हुए समाप्त हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *