कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा इलाके में बीएसएफ ने अभियान चलाकर एक बांग्लादेशी तस्कर को गिरफ्तार करने के साथ 5 मवेशियों और 1875 बोतल फेंसिडिल कफ सिरप जब्त किया है। 22/23 सितंबर की मध्यरात्रि में दक्षिण बंगाल बॉर्डर इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों से इसे जब्त किया गया।
बीएसएफ की ओर से एक बयान में बताया गया कि मवेशियों और प्रतिबंधित फेंसिडिल की बांग्लादेश में तस्करी की कोशिश की जा रही थी। बयान के मुताबिक, तस्करी से बचाए गए 5 मवेशियों की कीमत 21,924 रुपये जबकि 1875 बोतल फेंसिडिल की कीमत 3,18,169 रुपये आंकी की गई है।
इनमें मालदा जिले में बीएसएफ की सीमा चौकी निमतिता इलाके से 78वीं बटालियन के जवानों ने तस्करों के इरादों को नाकाम करते हुए 2 मवेशियों के साथ एक बांग्लादेशी तस्कर को उस वक्त पकड़ा जब वह गंगा नदी के माध्यम से खराब मौसम का लाभ उठाकर तस्करी की कोशिश कर रहा था। पकड़े गए तस्कर का नाम आलम शेख है। वह बांग्लादेश के चपाईनवाबगंज जिला अंतर्गत शिवगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह लगभग 2 माह पहले अपने एक और साथी जिसका नाम विकास है, के साथ सीमा चौकी फिरोजपुर, 78वीं वाहिनी के चर वाले इलाके से भागीरथी नदी के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। उसके बाद एक भारतीय साथी (जिसका नाम शामिम शेख) के साथ कोलकाता में लगभग 10 दिन वह राजमिस्त्री का काम किया।
उसके बाद वह कोलकाता से मालदा के धुलियान में सादिक शेख के यहां आया और लगभग 45 दिन उसके घर पर ही रहा। फिर 22 सितंबर को सादिक शेख ने उसकी मुलाकात भारतीय पशु तस्कर कलाम मॉरल, गांव- जयधाजीपारा, थाना -बैष्णब नगर, मालदा से मिलाया। उसके बाद इसने कलाम मॉरल से 2 मवेशी लेकर रात्रि में गंगा नदी मे उतरा लेकिन रास्ते में बीएसएफ जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ मे इसने यह भी बताया कि वह मवेशी को बांग्लादेश में बेच कर 35,000 टका खुद रखता और बाकी पैसा दलाल के माध्यम से भारत में भेजवाता।
कोलकाता और पश्चिम बंगाल की ब्रेकिंग न्यूज, स्थानीय घटनाओं, खेल, राजनीति और सामाजिक मुद्दों की खबरों को कवर करता है। हमारी डेस्क टीम 24×7 सक्रिय रहकर पाठकों को ताज़ा और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराती है।
Areas of Expertise:
Sports, Politics & West Bengal