शाह के दौरे से पहले कोलकाता में भाजयुमो कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के शीर्ष नेता अमित शाह के दो दिन के दौरे पर बंगाल पहुंचने से पहले भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में निकली रैली को रोके जाने पर बंगाल भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की बुधवार को कोलकाता पुलिस से झड़प हो गई। वे पार्टी कार्यकर्ताओं की कथित हत्या के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए मेयो रोड की ओर मार्च कर रहे थे। भाजपा युवा मोर्चा ने राज्य में 120 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन के लिए सेंट्रल एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय से मेयो रोड के बीच रैली का आयोजन किया था।

रैली निकालने से रोके जाने पर कार्यकर्ता सेंट्रल एवेन्यू में धरने पर बैठ गए। पुलिस जब उन्हें मनाने में नाकाम रही तो उसने बल प्रयोग किया। इसके बाद झड़प शुरू हो गई और पुलिस ने भाजयुमो के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की है और उन्हें जबरन गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *