तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के अंतर्गत कांथी संगठनात्मक जिले के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए परिवर्तन संकल्प सभा का आयोजन किया। यह कार्यक्रम भगवानपुर विधानसभा के 5 नंबर मंडल में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सभा में पूर्व केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री शिशिर अधिकारी, भगवानपुर विधानसभा के विधायक रवींद्रनाथ माईती, जिला सह-सभापति तापस दोलाई, मंडल सभापति सत्यजित नंद गोस्वामी, मंडल महासचिव रामपद वर्मन, तापस दास अधिकारी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे। मंच से नेताओं ने संगठन की मजबूती और जनसमर्थन के विस्तार का दावा किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में “स्वेच्छाचारी शासन, भ्रष्टाचार और राजनीतिक प्रताड़ना” से आम लोग त्रस्त हैं, जिसके चलते आज लगभग 60 परिवारों ने तृणमूल कांग्रेस से नाता तोड़कर भाजपा में विश्वास जताया है।

इस अवसर पर विशेष रूप से राजनीतिक हलकों में चर्चा तब तेज हो गई, जब दो बार के पूर्व ग्राम प्रधान, ब्लॉक शिक्षा चेयरमैन और पूर्व तृणमूल क्षेत्र सभापति अमित मंडल ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि बताया।
नेताओं ने दावा किया कि जमीनी स्तर पर लगातार बढ़ता जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव तय है।
वक्ताओं ने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में राज्य की जनता भाजपा को सत्ता सौंपकर “परिवर्तन” की मुहर लगाएगी। सभा के अंत में संगठन को और मजबूत करने तथा बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



