‘तृणमूल हटाओ पश्चिम बंगाल बचाओ’ नारे के साथ भाजपा युवा मोर्चा ने निकाली रैली

सिलीगुड़ी। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पूरे राज्य के साथ-साथ सिलीगुड़ी में भी ‘तृणमूल हटाओ पश्चिम बंगाल बचाओ’ के नारे लगाते हुए बाइक रैली निकाली। रविवार को भाजपा युवा मोर्चा की सिलीगुड़ी जिला कमेटी द्वारा बाघाजतिन पार्क से एक विरोध बाइक रैली का आयोजन किया गया। भाजपा युवा मोर्चा द्वारा बाइक रैली के जरिए राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार सहित कई आरोप लगाते हुए कड़ा विरोध जताया गया।

सिलीगुड़ी के बाघाजतिन पार्क से शुरू हुई यह बाइक जुलूस सिलीगुड़ी के हिलकार्ट रोड और सेवक रोड से होते हुए वापस बाघाजतिन पार्क पहुंचकर समाप्त हुई। मीडिया से रूबरू होते हुए भाजपा के सिलीगुड़ी जिला कमेटी अध्यक्ष अरिजीत दास ने कहा कि राज्य सरकार के कई मंत्री व तृणमूल नेता व कार्यकर्ता दिन प्रतिदिन भ्रष्टाचार में लिप्त हो रहे हैं, जिसके विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने सिलीगुड़ी सहित पूरे राज्य में बाइक रैली निकाली है।

मयनागुड़ी में बीजेपी के युवा मोर्चा की बाइक रैली को पुलिस ने रोका

जलपाईगुड़ी। पंचायत चुनाव से पूर्व जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी प्रखंड के विभिन्न गांवों में भाजपा युवा मोर्चा की बाइक रैली निकाली गयी। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुरी में ‘तृणमूल हटाओ पश्चिम बंगाल बचाओ’ के नारे के साथ बाइक रैली निकाली । भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव पॉलेन घोष के नेतृत्व में मयनागुड़ी दुर्गा बाड़ी से सटे इलाके के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की इस बाइक रैली को कथित तौर पर रोक दिया गया।

हालांकि बाद में वे मयनागुरी ब्लॉक के भोटपट्टी क्षेत्र में एकत्र हुए, वहां से युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा उत्तर और दक्षिण मंडल क्षेत्र में टैबलो के साथ एक विशाल रैली निकाली गयी। मयनागुड़ी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले चैंगड़ाबंधा दिनहाटा कुचबिहार के भोटपट्टी क्षेत्र में पुलिस ने रैली को रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। बाद में पुलिस के आश्वासन पर जाम हटाया गया।

हालांकि, पुलिस अधिकारी इस मामले में अपना मुंह खोलने से कतरा रहे हैं। पुलिस ने कहा जो कहेंगे मयनागुड़ी थाने के आईसी ही कहेंगे। मयनागुरी तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक 2 के अध्यक्ष शिव शंकर दत्ता ने कहा कि जुलूस बिना अनुमति के निकाली गयी थी। पुलिस द्वारा रोका जाना सामान्य बात है। पंचायत चुनाव से पहले भाजपा हवा गर्म कर रही है। इसे कोई लाभ नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *