कोलकाता हिन्दी न्यूज | 25 अगस्त 2026: पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार को सत्ता संभाले अभी 100 दिन ही पूरे हुए हैं, लेकिन इसी दौरान पार्टी के एक वर्ग पर भ्रष्टाचार, वसूली और गुटीय विवाद के आरोप सामने आने लगे हैं।
कुछ मामलों में आपसी संघर्ष के चलते हिंसा और हत्या तक की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार बढ़ती शिकायतों के बीच अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक बार फिर कड़ा संदेश दिया है।
शमीक का यह संदेश अब भाजपा के विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों में तेजी से प्रसारित हो रहा है। बताया जा रहा है कि जिलों से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं तक यह संदेश पहुंचाया गया है।
‘भ्रष्टाचार किया तो पार्टी जिम्मेदारी नहीं लेगी’
शमीक भट्टाचार्य ने अपने संदेश में साफ कहा है कि पार्टी की नीति से बाहर जाकर कोई भी व्यक्ति अनैतिक या भ्रष्ट गतिविधि में शामिल होता है तो भाजपा उसकी जिम्मेदारी नहीं लेगी।
उन्होंने लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की जीरो टॉलरेंस नीति और देशसेवा का संकल्प ही भाजपा के कार्य का मूल आधार है। हाल में पत्र और संदेश के माध्यम से विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं के कुछ अनपेक्षित कार्यों और अनियमितताओं की जानकारी मेरे संज्ञान में आई है। बूथ स्तर से राज्य स्तर तक किसी भी सदस्य के मामले में यह स्पष्ट है कि पार्टी की नीति से बाहर जाकर यदि कोई व्यक्ति किसी अनैतिक या भ्रष्ट कार्य में शामिल होता है, तो पार्टी उसकी जिम्मेदारी कभी नहीं लेगी।”
बूथ से राज्य स्तर तक सभी के लिए चेतावनी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपने ‘जरूरी चेतावनी संदेश’ की शुरुआत राज्य, जिला, क्षेत्र, मंडल और बूथ स्तर के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए की है। उन्होंने पार्टी की मूल विचारधारा के रूप में ईमानदारी, पारदर्शिता और सिद्धांतों का उल्लेख किया।
संदेश में पार्टी के सभी स्तरों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को तीन प्रमुख निर्देश दिए गए हैं।
- पहला—जीरो टॉलरेंस: भ्रष्टाचार या किसी भी गलत गतिविधि का मामूली प्रमाण मिलने पर पद या जिम्मेदारी की परवाह किए बिना कड़ी संगठनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- दूसरा—पार्टी की छवि: व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए पार्टी की छवि और कार्यकर्ताओं के वर्षों के त्याग को नुकसान न पहुंचे, इसका पूरा ध्यान रखने को कहा गया है।
- तीसरा—जनसेवा सर्वोच्च: आम लोगों का विश्वास बनाए रखते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ काम करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी बताई गई है।
लगातार बढ़ रहे हैं शिकायतों के मामले
पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार और वसूली के आरोपों को लेकर शमीक भट्टाचार्य पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से चेतावनी दे चुके हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व के सामने लगातार नई शिकायतें पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
जानकारों के मुताबिक, सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन के भीतर अनुशासन बनाए रखने की है।
सत्ता में आने के बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगे आरोपों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष का यह संदेश संगठन के भीतर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को स्पष्ट करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
‘पार्टी का सम्मान बनाए रखें’
अपने संदेश के अंत में शमीक भट्टाचार्य ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर पार्टी के सम्मान और उसकी विश्वसनीयता को बनाए रखना होगा। व्हाट्सऐप ग्रुपों के जरिए संदेश को राज्यभर के भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं तक पहुंचाया गया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


