बैद्यवाटी। चांपदानी मण्डल 3 की भारतीय जनता पार्टी की ओर से बैद्यवाटी रेलवे स्टेशन के निकट स्थित रेलवे द्वारा संचालित सुलभ शौचालय की बदहाल स्थिति और बैद्यवाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर 18 अंतर्गत डारी जंगल रोड की मुख्य सड़क की जर्जर अवस्था को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया गया।
पार्टी नेताओं का आरोप है कि नगरपालिका की घोर उदासीनता के कारण डारी जंगल रोड की यह मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि न तो वहां से आम लोगों का सुरक्षित आवागमन संभव है, न ही वाहन ठीक से गुजर सकते हैं। प्रतिदिन किसी न किसी प्रकार की दुर्घटना हो रही है, जिससे आम जनता त्रस्त है।
वहीं, बैद्यवाटी रेलवे स्टेशन के पास स्थित सुलभ शौचालय भी पूरी तरह गंदगी और दुर्व्यवस्था का शिकार है। यात्रियों, खासकर महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इन दोनों समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने दो अलग-अलग आंदोलन किए- एक भारतीय रेलवे प्रशासन के खिलाफ और दूसरा तृणमूल शासित बैद्यबटी नगरपालिका के खिलाफ। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बैद्यबाटी रेलवे स्टेशन पर मौजूद रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और तत्काल सुधार की मांग की।
भाजपा नेता हरि मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही रेलवे प्रशासन और नगरपालिका द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी जन-आंदोलन को और तेज करेगी और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



