श्रीरामपुर, हुगली। बीरभूम तृणमूल के पूर्व अध्यक्ष अनुब्रत मंडल के विवादास्पद बर्ताव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हुगली जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को भाजपा नेताओं ने अनुब्रत मंडल के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें अनुब्रत मंडल पर बीरभूम के एक पुलिस अधिकारी के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है।
भाजपा नेता हरी मिश्रा ने आरोप लगाया कि अनुब्रत मंडल तृणमूल कांग्रेस की आड़ में कानून से ऊपर खुद को समझते हैं और आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार करना उनकी आदत में शुमार है। मिश्रा ने कहा, “अनुब्रत मंडल की भाषा और व्यवहार न केवल जनप्रतिनिधि की मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को भी ठेस पहुंचाता है।”
इस संबंध में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता श्रीरामपुर थाने के बाहर इकट्ठा हुए, जहां एफआईआर दर्ज करते समय भाजपा नेता हरि मिश्रा, स्वपन चक्रवर्ती, विश्वजीत सिंहा, पौशाली शील, नौवानिता सार्खेल समेत कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे।
भाजपा का कहना है कि अनुब्रत मंडल की गाली-गलौज वाले कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जो उनके आचरण के स्पष्ट प्रमाण हैं। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और अनुब्रत मंडल पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस घटनाक्रम से राजनीतिक माहौल में गर्मी बढ़ गई है और भाजपा ने संकेत दिया है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।