PM मोदी के गृह राज्य गुजरात में भाजपा जीत की ओर

गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती नजर आ रही है। गुजरात विधानसभा के लिए चल रही मतगणना के ताजा रुझानों के अनुसार भाजपा गुजरात में 146 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इस तरह राज्य में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। इन रुझानों से गुजरात में भाजपा सातवीं बार सरकार बनाने जा रही है। ताजा रुझान के अनुसार गुजरात की 182 विधानसभा सीटों में 176 के रुझान मिल चुके हैं जिनमें भाजपा 146 तथा कांग्रेस 19, आम आदमी पार्टी छह, समाजवादी पार्टी एक, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन एक और निर्दलीय तीन सीटों पर बढत बनाए हुए है।

हिमाचल में भाजपा-कांग्रेस में कांटे का मुकाबला : हिमाचल प्रदेश 68 सदस्यीय विधानसभा चुनावों की आज हो रही मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबले के बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिराज सीट से चुनाव जीत चुके हैं। तीसरे दौर की मतगणना का पहला नतीजा मुख्यमंत्री की जीत के रूप में भाजपा के खाते में गया है। श्री ठाकुर ने कांग्रेस के चेतराम ठाकुर को 13 हजार से अधित मतों के अंतर से पराजित किया है। उनकी इस सीट से लगातार छठी जीत है।

ईवीएम मतगणना जैसे जैसे आगे बढ़ रही है तो कभी भाजपा और कभी कांग्रेस बढ़त लेते हुये दिखाई दे रही है। फिलहाल के रूझानों में भाजपा 33 और कांग्रेस 32 चल रही है। तीन सीटों पर निर्दलीय समेत अन्य आगे चल रहे हैं। ऐसे में रूझानों पर गौर करें तो राज्य में भाजपा का रिवाज बदलने का नहीं बल्कि कांग्रेस का राज बदलने का नारा साकार होता दिखाई दे रहा है। सभी सीटों पर चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी(आप) को मतदाताओं ने पूर्णतया नकार दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *