‘कोरोना होने पर ममता को लगाऊंगा गले’ कहने वाले भाजपा नेता अनुपम हाजरा संक्रमित

कोलकाता : कुछ दिन ही बीते होंगे बंगाल में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सांसद अनुपम हाजरा ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि अगर उन्हें कोरोना हुआ तो वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गले लगाएंगे। उनके इस बयान की काफी आलोचना हुई। इस बीच, शुक्रवार को वह कोरोना पॉजिटिव पाए गये हैं। अनुपम हाजरा ने सोशल मीडिया के जरिए शुक्रवार को खुद जानकारी दी कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वह कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने के बाद अनुपम हाजरा ने दक्षिण 24 परगना के बरुईपुर में कुछ दिनों पहले कहा था कि अगर किसी दिन मैं कोरोना पॉजिटिव हो जाता हूं तो मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास जाऊंगा और उन्हें गले लगा लूंगा। तब वह उन लोगों का दर्द समझेंगी, जिन लोगों ने कोरोना महामारी के चलते अपनों को खोया है।

अनुपम हाजरा ने पत्रकारों से कहा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कोरोना से ज्यादा शक्तिशाली दुश्मन ममता बनर्जी हैं। बंगाल में कोरोना से मृत लोगों को केरोसिन तेल के सहारे अंतिम संस्कार किया जाता है, जो काफी दुखद है। पीड़ितों से परिवार के सदस्यों से मिलने नहीं दिया गया। तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करना ही हमारा लक्ष्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *