West Bengal Elections 2026 BJP Candidate List Meeting

बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी के 160 उम्मीदवारों के नाम फाइनल, जल्द होगी घोषणा

कोलकाता, 13 मार्च 2026: बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली उम्मीदवार सूची को अंतिम रूप दे दिया है। कल प्रधानमंत्री आवास पर पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में राज्य की आधी से अधिक सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए।

सूत्रों के अनुसार कल कोलकाता में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैली के बाद बीजेपी की पहली सूची जारी की जा सकती है।

मौजूदा विधायकों को ज्यादातर टिकट

बीजेपी सूत्रों के अनुसार कल की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में करीब 160 नाम तय कर लिए गए हैं। पार्टी ने अधिकांश मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट देने का फैसला किया है। पहली सूची में राज्य बीजेपी के कई बड़े चेहरों के नाम होंगे।

विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, पूर्व प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष आदि के नामों को पहली सूची में जगह दी गई है। कई पूर्व सांसदों को भी बीजेपी विधानसभा चुनाव में उतारने जा रही है। हालांकि पार्टी ने इस बार मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव न लड़ाने का फैसला किया है।

जमीनी फीडबैक और सर्वे के आधार पर चयन

राज्य बीजेपी के नेताओं के अनुसार पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार उम्मीदवार चयन में बेहद सावधानी रखी गई है। पिछले करीब एक महीने से उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत जमीनी स्तर से फीडबैक लिया गया।

यह भी पढ़ें:  बंगाल चुनाव: कूच बिहार में भाजपा उम्मीदवार के काफिले पर हमला, एक कार्यकर्ता घायल

संगठन की राय को सर्वोपरि रखा गया। साथ ही अलग-अलग एजेंसियों की ओर से कराए गए सर्वेक्षणों के माध्यम से सभी दावेदारों की लोकप्रियता को परखा गया। संगठन के प्रति निष्ठा और अनुशासन के साथ ही जीतने की क्षमता को भी ध्यान में रखा गया।

जमीनी नेताओं पर दांव

बीजेपी ने पिछली बार की तरह इस बार उम्मीदवारों के चयन में जल्दबाजी नहीं की है। हर दावेदार को जांच-परखा गया। पार्टी ने टिकट बंटवारे में स्थानीय और क्षेत्रीय समीकरणों के साथ ही जातीय समीकरणों का भी ध्यान रखा है।

बीजेपी नेताओं के अनुसार इस बार यह फैसला किया गया कि दलबदलुओं को टिकट न दिया जाए। इसी कारण तृणमूल कांग्रेस या अन्य विरोधी दलों से नेताओं को लाकर टिकट नहीं दिया गया, जैसा कि पिछली बार किया गया था।

इसी तरह बीजेपी ने पिछली बार की तरह इस बार बांग्ला फिल्मी सितारों या टेलीविजन स्टार्स को टिकट नहीं देने का भी फैसला किया है। उनकी जगह बीजेपी जमीनी नेताओं पर दांव लगा रही है।

बाकी सीटों पर जल्द बैठक

सूत्रों के अनुसार बाकी सीटों के लिए केंद्रीय चुनाव समिति की एक और बैठक जल्दी ही बुलाई जाएगी। पहली सूची में शामिल होने वाले बड़े नामों में शुभेंदु अधिकारी और दिलीप घोष के अलावा कई ऐसे नेता हैं जो संगठन में मजबूत पकड़ रखते हैं।

यह भी पढ़ें:  भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती का बड़ा दावा, 'तृणमूल कांग्रेस के सांसद हमारे साथ हैं...'

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *