तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। कोलकाता महानगर के क्लबों और क्रीड़ा संगठनों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में भाजपा ने पहल तेज कर दी है। इसी उद्देश्य से श्यामबाजार स्थित सेराम सभागृह में भाजपा के स्पोर्ट्स एंड क्लब रिलेशन सेल की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के करीब 75 क्लबों और क्रीड़ा संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
राज्य कन्वेनर दीपंकर मोदी की उपस्थिति में आयोजित बैठक में ग्रैंडमास्टर अतनु लाहिड़ी, मोहम्मडन क्लब के सह-उपाध्यक्ष तथा पद्मश्री काजी मासूम अख्तर और भाजपा राज्य कमेटी के सदस्य एवं क्लब रिलेशन प्रभारी शुभजीत दत्त गुप्त सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में क्लबों और क्रीड़ा संगठनों के बीच आपसी संपर्क को मजबूत करने तथा भविष्य में साझा स्तर पर सामाजिक और खेल गतिविधियां आयोजित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न क्लब प्रतिनिधियों ने अपने विचार और सुझाव भी सामने रखे।
बैठक में क्लबों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए एक ‘कॉमन मिनिमम प्रोग्राम’ तैयार करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके तहत अलग-अलग क्लबों और संगठनों की गतिविधियों में तालमेल स्थापित कर साझा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही विभिन्न क्लबों और क्रीड़ा संगठनों को एक साझा ढांचे में जोड़ने के लिए क्लब समन्वय समिति गठित करने की पहल पर भी चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि क्लबों के बीच नियमित संवाद कायम कर आपसी सहयोग को संस्थागत रूप दिया जाए, ताकि आने वाले दिनों में खेलकूद के साथ सामाजिक गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर संचालित किया जा सके।
आयोजकों के अनुसार, क्लब और क्रीड़ा संगठनों की सक्रिय भागीदारी से भविष्य में संयुक्त रूप से विभिन्न सामाजिक एवं खेल कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बैठक को इसी दिशा में क्लबों को एक मंच पर लाने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

