महिला कार्यकर्ता से छेड़खानी के आरोप में भाजपा के जिला महासचिव गिरफ्तार

कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में भाजपा की महिला कार्यकर्ता से छेड़खानी के आरोप में पार्टी के ही जिला महासचिव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित का नाम स्वरूप दत्त है। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से मधुष्मिता राय ने स्वरूप दत्त व मंडल अध्यक्ष देवापन चट्टोपाध्याय के खिलाफ बारुईपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसी के आधार पर स्वरूप दत्ता को उनके घर से गिरफ्तार किया गया और गुरुवार को बारुईपुर महकमा अदालत में पेश किया गया। जिला भाजपा नेतृत्व ने इस मामले पर अब तक कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की है।

गौरतलब है कि भाजपा के नए केंद्रीय सचिव अनुपम हाजरा गत रविवार को बारुईपुर आए थे। उनके आने को लेकर भाजपा में मतभेद दिखा था। भाजपा कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने अनुपम हाजरा की गाड़ी को घेरकर विरोध-प्रदर्शन किया था।

इसपर भाजपा के दूसरे गुट से उनकी मारपीट हुई थी, जिसमें 11 लोग जख्मी हो गए थे। उसी दौरान पार्टी कार्यालय में भाजपा की एक महिला नेत्री के साथ स्वरूप दत्त द्वारा छेड़खानी किए जाने का आरोप सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *