
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के बिंद में चल रही भागवत कथा में कथा वाचक परम पूज्य पंडित मनोज कृष्ण शास्त्री जी ने दूसरे दिन राजा परीक्षित की कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि कलयुग जब राजा के पास पहुंचा, तो उन्होंने ज्यों ही उसे मारने के लिए म्यान से तलवार निकाली वैसे ही कलयुग राजा के चरणों में गिर गया। यह देख राजा ने उसे माफ कर दिया।
उन्होंने कलयुग को रहने के लिए चार स्थान तय किए। इनमें जुआ, शराब, परस्त्री गमन, जीव हिंसा चार स्थान दिए थे। कलयुग ने पांचवां स्थान सोना मांग लिया। राजा ने ज्यों ही हामी भरी कलयुग उनके मुकुट में सवार हो गया। राजा जब ऋषि आश्रम में पहुंचे तो वहां उन्होंने कलयुग के वशीभूत होकर ऋषि के गले में मरा हुआ सांप डाल दिया। इससेे नाराज होकर ऋषि ने उन्हें श्राप दे दिया।
कथा के आयोजक माता महारानी मंदिर के कोषाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि बुधवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान वृंदावन धाम से आए कलाकारों द्वारा शिवजी का रूप धारण करके पंडाल में बने मंच पर तांडव नृत्य किया जाएगा।
भागवत कथा सायं 5 बजे से शुरू होकर रात्रि 8 बजे तक चलती है। जिसमें आप सभी भक्तगण सादर आमंत्रित हैं। बिंद ग्राम में चल रही भागवत कथा सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उल्लेखनीय है कि श्रीमद् भागवत कथा 12 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चलेगी।
जय श्री राधे
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।