कोलकाता, 27 मार्च 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने जानकारी दी है कि न्यायिक निर्णय वाले मामलों की दूसरी सप्लीमेंट्री लिस्ट शुक्रवार (27 मार्च) को जारी की जाएगी।
अब तक कितने नाम कटे?
ECI के सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात तक 36 लाख मतदाताओं के लिए न्यायिक निर्णय की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। यह उन 60 लाख मामलों का लगभग 60 प्रतिशत है, जिन्हें न्यायिक निर्णय के लिए भेजा गया था।
पहली सप्लीमेंट्री लिस्ट में 13 लाख नाम हटाए गए थे। अब तक कुल हटाए गए मतदाताओं की संख्या 77 लाख के करीब पहुंच गई है। अभी भी 28 लाख नामों पर फैसला बाकी है।
ममता बनर्जी का ऐलान
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले ही घोषणा कर दी है कि जिन मतदाताओं के नाम न्यायिक प्रक्रिया में हटाए जाएंगे, उन्हें तृणमूल कांग्रेस कानूनी मदद देगी और उनके लिए वकीलों की व्यवस्था की जाएगी।
चुनाव आयोग का फैसला
चुनाव आयोग ने गुरुवार रात 9 जिलों की 14 विधानसभा सीटों के लिए 14 और रिटर्निंग अधिकारियों को बदलने का फैसला लिया है। इससे पहले आयोग 73 रिटर्निंग अधिकारियों को बदल चुका है।
चुनावी कैलेंडर
- पहला चरण: 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान
- दूसरा चरण: 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान
- मतगणना: 4 मई को
क्या है SIR प्रक्रिया?
SIR एक तरह से नई मतदाता सूची बनाने की प्रक्रिया है, जिसमें घर-घर जाकर लोगों की गणना की जाती है और दस्तावेजों के आधार पर नाम शामिल या हटाया जाता है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



