कोलकाता, 11 फरवरी 2026: भाजपा पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की एक सीट के लिए मार्च के पहले हफ्ते तक अपना उम्मीदवार फाइनल कर सकती है। अप्रैल के अंत में राज्य से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं।
तृणमूल कांग्रेस विधानसभा में बहुमत के आधार पर चार सीटें आसानी से जीत सकती है, जबकि भाजपा को एक सीट पर जीत की पूरी उम्मीद है।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक अभी तीन नामों पर गंभीर चर्चा चल रही है:
- मेगास्टार मिथुन चक्रवर्ती – अभिनेता से राजनीति में आए मिथुन चक्रवर्ती का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है।
- लॉकेट चटर्जी – पूर्व लोकसभा सांसद और अभिनेत्री से राजनीतिज्ञ बनीं लॉकेट चटर्जी का नाम भी प्रमुखता से चर्चा में है।
- डॉ. अशोक कुमार लाहिड़ी – साउथ दिनाजपुर की बालुरघाट विधानसभा से वर्तमान भाजपा विधायक और केंद्र सरकार के पूर्व चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व और राज्य इकाई के बीच विचार-विमर्श के बाद लिया जाएगा। पार्टी इस सीट पर मजबूत उम्मीदवार उतारकर तृणमूल कांग्रेस को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है।
दिलीप घोष का तीखा हमला
इस बीच भाजपा नेता दिलीप घोष ने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल में कई भ्रष्टाचार हुए हैं और सबके जल्द खुलासे होने वाले हैं।
पत्रकारों से बात करते हुए दिलीप घोष ने कहा: “बंगाल में ऐसे कई केस हैं जो भ्रष्टाचार के हैं। दूसरा राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों का एनआईए का केस है और आई-पैक भी जुड़ गया है। आई-पैक के ऑफिस में एजेंसी की छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी खुद वहां गईं और सच्चाई छुपाने का प्रयास किया। इससे लग रहा है कि वहां बहुत बड़ा रहस्य या घोटाला है। इसलिए इस केस की जल्दी सुनवाई हो और न्याय मिले।”
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल सरकार से जुड़ी कई देश-विरोधी गतिविधियां हैं। जनता परेशान है और आने वाले समय में इसका जवाब देने के लिए तैयार है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

