कोलकाता, 7 जनवरी 2026: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने भारतीय संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रसिद्ध गायक व संगीतकार कैलाश खेर को गवर्नर अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया।
यह सम्मान ऋषि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की 150 वर्ष पूर्णता के उपलक्ष्य में कोलकाता के ऐतिहासिक विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।
लोक भवन (पूर्व राजभवन) की ओर से कोलकाता के ऐतिहासिक विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल ने कैलाश खेर को पदक, प्रशस्ति पत्र और दो लाख रुपये का चेक सौंपा।

सूफियाना सुरों से सजी यादगार शाम
सम्मान ग्रहण करने के बाद कैलाश खेर और उनकी टीम ने अपने लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को भावनाओं और संगीत से भर दिया।
‘तेरी दीवानी’, ‘अल्लाह के बंदे’ जैसे सूफियाना लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
ठंडी शाम में उनके भजनों और गैर-फिल्मी गीतों ने श्रोताओं के दिलों में गर्माहट घोल दी। इस मौके पर मौजूद गणमान्य अतिथियों और संगीत प्रेमियों ने कलाकारों को खड़े होकर तालियों के साथ सराहा।
“संगीत सिर्फ मनोरंजन नहीं, आत्मिक अनुभव है” – कैलाश खेर
सम्मान मिलने के बाद कैलाश खेर ने कहा,
“गाने सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं होते, वे आध्यात्मिक ज्ञान और आत्मिक शांति भी देते हैं। मैं 20 वर्षों से अधिक समय से मंच पर प्रस्तुति दे रहा हूं और 20 से ज्यादा भाषाओं में गा चुका हूं। लेकिन कोलकाता में, इस ऐतिहासिक अवसर पर गाना मेरे लिए गर्व और कृतज्ञता का क्षण है।”
700 से अधिक गानों को दी आवाज
पद्मश्री से सम्मानित कैलाश खेर अब तक 700 से अधिक गानों को अपनी आवाज दे चुके हैं।‘अल्लाह के बंदे’, ‘रब्बा इश्क न होवे’ जैसे गीतों के जरिए उन्होंने सूफी और आध्यात्मिक संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।
वंदे मातरम मार्च भी रहा आकर्षण का केंद्र
इससे पहले राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने लोक भवन से इंडियन म्यूजियम तक बग्घी में सवार होकर ‘वंदे मातरम मार्च’ का नेतृत्व किया। इस मार्च में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ और उसके रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के प्रति सम्मान और गौरव को रेखांकित किया गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।




