कोलकाता/पानीहाटी। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। चोरी के शक में एक मूक-बधिर दिव्यांग युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान 32 वर्षीय आशिक मंडल के रूप में हुई है।
चोरी के शक में बंधक बनाकर की गई बर्बरता
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले आशिक मंडल को चोरी के संदेह में पकड़ा गया था। इसके बाद इलाके के निवासी बच्चू बरुआ और उसके परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा।

आरोप है कि आरोपियों की क्रूरता यहीं नहीं रुकी। उन्होंने आशिक पर गर्म पानी डाला, और उसे एसिड पीने के लिए मजबूर किया। इस अमानवीय यातना के बाद आशिक की हालत गंभीर रूप से बिगड़ गई।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह आशिक को बचाया और उसे सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान सोमवार रात उसकी मौत हो गई।
आशिक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
परिवार का आरोप: “अगर गलती थी तो हमें बताते”
मृतक की भतीजी ने आरोप लगाते हुए कहा, “अगर मेरे चाचा ने कुछ गलत किया होता, तो वे हमें या पुलिस को बता सकते थे। लेकिन बच्चू बरुआ और उसके परिवार ने उन्हें बेरहमी से प्रताड़ित किया। उन्होंने उन्हें तेजाब तक पिलाया। हम दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा चाहते हैं।”
दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अन्य आरोपी फरार हैं।
उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया: “यह जघन्य हत्या है”
स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता प्रबीर दास ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा,
“यह एक जघन्य घटना है। एक मूक व्यक्ति को इस तरह पीट-पीटकर मार दिया गया। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और हमें पूरा भरोसा है कि बाकी आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



