अशोक वर्मा, हुगली। श्रीरामपुर थाना अंतर्गत जी.टी. रोड स्थित वेलिंग्टन बाजार मोड़ के पास बंगाल के माथाबाड़ी इलाके में मुस्लिम समाज द्वारा हिंदुओं पर अत्याचार, संपत्तियों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना दिया। भाजपा नेताओं ने इस घटना को राज्य सरकार की प्रशासनिक विफलता करार देते हुए केंद्र सरकार से बंगाल में हिंदुओं की रक्षा करने की अपील की।
धरना स्थल पर भाजपा नेता हरि मिश्रा, साथी कुमार, राकेश चौधरी और अमिताभ घोष सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। हरि मिश्रा ने कहा, “पश्चिम बंगाल में हिंदुओं की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। आए दिन हो रहे अत्याचार और हमलों के बीच हिंदू समाज को एकजुट होकर इस अन्याय का विरोध करना होगा।”
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के संरक्षण में ऐसे तत्वों को खुली छूट दी जा रही है, जिससे प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन रही है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तत्काल हस्तक्षेप कर हिंदू समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

