कोलकाता हिन्दी न्यूज | 10 जुलाई 2026: पोस्ता बाजार में समाज के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं पोस्ता बाजार मर्चेंट एसोसिएशन के महासचिव श्री विश्वनाथ अग्रवाल जी के साथ हुई मारपीट की निंदनीय घटना के बाद अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बसंत कुमार मित्तल जी उनसे मिलने कोलकाता पहुंचे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मित्तल जी ने श्री विश्वनाथ अग्रवाल जी से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना और कहा कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन इस कठिन समय में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए सम्मेलन हर स्तर पर अपना समर्थन और सहयोग देगा।
बसंत मित्तल का बयान
इस अवसर पर श्री बसंत मित्तल जी ने कहा,
“व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। आज भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है, जिसमें व्यापारी समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिस प्रकार देश के अन्नदाता किसानों का सम्मान किया जाता है, उसी प्रकार व्यापारियों के श्रम, ईमानदारी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का भी समान सम्मान होना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा,
“व्यापारी लाखों लोगों को रोजगार देता है, उद्योगों को गति देता है और देश की आर्थिक प्रगति का आधार बनता है। इसलिए अब समय आ गया है कि समाज, व्यापारी वर्ग के प्रति अपना दृष्टिकोण बदले तथा उनके सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।”
सम्मेलन की मांग
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन ने एक बार फिर इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा व्यापारी समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


