तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। सर्द हवाओं के आगमन के साथ ही जब सांसों की रफ्तार धीमी पड़ने लगती है, तब जरूरतमंदों के लिए राहत की सौंधी हवा लेकर आया सुभाष रंजन सेनगुप्ता स्मृति संरक्षण समिति का मानवीय उपक्रम।
दिवंगत अधिवक्ता सुभाष रंजन सेनगुप्ता की 80वीं जयंती को अविस्मरणीय बनाने के लिए समिति ने बुधवार, 19 नवम्बर को बारासात में प्रारंभ किया चौबीसों घंटे चलनेवाला पूर्णतः निःशुल्क ऑक्सीजन सेवा केंद्र।
इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ बारासात नगर निगम के वार्ड संख्या 5 की पार्षद कनिका राय चौधरी ने किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने समिति के सेवा केंद्र से कई असहाय वृद्धजनों को शीतवस्त्र, फल और मिठाइयाँ भेंट की।

पार्षद कनिका देवी ने बताया कि यह सेवा वर्ष के 365 दिन निरंतर संचालित होगी। केवल हेल्पलाइन नंबर पर एक फोन करने मात्र से ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर और नई ऑक्सीजन मास्क निशुल्क घर-घर पहुँचाई जाएगी।
उनके शब्दों में, “आज के स्वार्थमय युग में ऐसी करुणा की मिसाल दुर्लभ है; समाजसेवा की यह लौ आने वाली पीढ़ियों के लिए पथप्रदर्शक बनेगी।” समिति का यह प्रयास केवल ऑक्सीजन सेवा तक सीमित नहीं रहा।
उसी दिन हृदयपुर नवसोपान में सौ से अधिक निर्धन बालकों के लिए भंडारा आयोजित किया गया, जहाँ सभी को स्नेहभोज कराया गया। साथ ही अनेक वृद्ध और निरुपाय जनों के हाथों में गरम कंबल सौंपे गए। मानव सेवा के प्रति समिति की निष्ठा, जैसे किसी दीप की तरह ठंडे आसमान में उजाला बिखेर रही हो।
दिवंगत अधिवक्ता सुभाष रंजन सेनगुप्ता की 80वीं जयंती पर यह बहुआयामी पहल पूरे बारासात में करुणा और सम्मान की तरंगों से सराबोर हो उठी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



