कोलकाता हिन्दी न्यूज | 18 सितम्बर 2026: राधारानी के प्राकट्य तिथि के अवसर पर आगामी 19 सितंबर को कोलकाता के बागबाजार गौड़ीय मठ में श्री श्री राधाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष गौड़ीय मिशन का यह महत्वपूर्ण उत्सव 107वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उत्सव के अवसर पर पूरे दिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम की रूपरेखा
गौड़ीय मिशन की ओर से बताया गया है कि 18 सितंबर, शुक्रवार को अधिवास महोत्सव के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस दिन विशेष पूजा और हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
इसके अगले दिन, 19 सितंबर शनिवार को राधाष्टमी का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। पूरे दिन हरिनाम संकीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम चलते रहेंगे।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति
शाम को विशेष पूजा और आरती में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शामिल होंगे। इसके बाद वे गौड़ीय मिशन के संन्यासियों और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
गुरुवार को बागबाजार गौड़ीय मठ में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में गौड़ीय मठ के आचार्य एवं अध्यक्ष भक्ति सुंदर संन्यासी महाराज ने बताया कि राधाष्टमी समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री श्री चैतन्य महाप्रभु म्यूजियम का भी दौरा करेंगे।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
गौड़ीय मिशन की ओर से बताया गया है कि वर्ष 1918 में श्रील भक्तिसिद्धांत सरस्वती गोस्वामी प्रभुपाद द्वारा स्थापित यह संस्था लंबे समय से गौड़ीय वैष्णव विचारधारा के प्रचार और प्रसार के लिए कार्य कर रही है।
राधाष्टमी महोत्सव के अवसर पर संन्यासियों, विशिष्ट व्यक्तित्वों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बागबाजार पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी गई हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


