कोलकाता हिन्दी न्यूज | 19 जुलाई 2026: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर जारी उठापटक के बीच पार्टी के पूर्व मंत्री बाबुल सुप्रियो ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को यदि जनता पर इतना ही भरोसा है तो पहले अपने पद से इस्तीफा दें और फिर दोबारा चुनाव लड़कर अपनी लोकप्रियता साबित करें।
एक इंटरव्यू में बाबुल सुप्रियो ने कहा, “दीदी (ममता बनर्जी) के लिए मुझे दुख होता है। जिन लोगों को उन्होंने आगे बढ़ाया, वही आज पार्टी पर सवाल उठा रहे हैं।”
बागी नेताओं को सीधी चुनौती
हाल के दिनों में कई नेताओं के पार्टी छोड़ने और नए राजनीतिक समीकरण बनने के बीच बाबुल सुप्रियो ने कहा कि जो सांसद और विधायक तृणमूल के टिकट पर जीतकर आए हैं, उन्हें पहले अपना पद छोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा, “अगर आपको लगता है कि जनता आपके साथ है, तो इस्तीफा देकर फिर चुनाव लड़िए। अगर लोकप्रिय हैं तो जनता दोबारा जिता देगी।”
“मैं दीदी के साथ हूं”
अपने राजनीतिक भविष्य पर बाबुल सुप्रियो ने कहा कि फिलहाल वह ममता बनर्जी के साथ ही हैं और शांति से काम करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं कह रहा कि कभी भाजपा में नहीं जाऊंगा, लेकिन अभी ऐसी कोई बात नहीं है। अगले कुछ वर्षों तक शांतिपूर्वक काम करना चाहता हूं। नेतृत्त्व जैसा कहेगा, वैसा करूंगा। फिलहाल मैं दीदी के साथ हूं।”
भ्रष्टाचार के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
बाबुल सुप्रियो ने राज्य सरकार से यह भी अपील की कि भ्रष्टाचार के आरोप झेल रहे लोगों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वे किसी भी दल में हों।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ने कहा है कि भ्रष्टाचार करने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा। जो लोग दल बदल रहे हैं, उनमें यदि किसी पर गंभीर आरोप हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। बंगाल की जनता यही देखना चाहती है।”
बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल
तृणमूल कांग्रेस में हाल के दिनों में कई नेताओं के इस्तीफे और दल-बदल के बाद राज्य की राजनीति गर्म है। ऐसे माहौल में बाबुल सुप्रियो का यह बयान राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर सकता है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

