
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत रेल नगरी खड़गपुर समेत जंगल महल के विभिन्न भागों में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को याद किया गया। उनकी जयंती को लेकर विभिन्न भागों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्थानीय संस्था संघमित्रा बुद्ध विहार, रावण मैदान (गेट बाजार) में सोमवार को भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीम राव आम्बेडकर जी की 134 वीं जयंती पूरी श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर खड़गपुर नगर पालिका की अध्यक्ष कल्याणी घोष, वरिष्ठ नेता देवाशीष चौधरी, पूजा नायडू, बी. हरीश कुमार, संघमित्रा बुद्ध विहार के अध्यक्ष अमर कुमार गोसाई, सचिव ईश्वर साखरे तथा कोषाध्यक्ष मनोज कुमार मेश्राम समेत बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
विश्वरत्न महामानव बौधिसत्व डॉ. बाबा साहेब भीम राव आम्बेडकर जी की 134वीं जयंती को महान दिवस बताते हुए वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण और मानवता के प्रति उनके योगदान को याद किया।
प्रात: 9.30 बजे डॉ. बाबा साहेब आम्बेडकर जी की शोभा यात्रा संघमित्रा बुद्ध विहार के प्रांगण से प्रस्थान हुई और 11.00 बजे वापसी लौटी। 11.30 बजे ध्वजारोहण एवं बुद्ध वंदना, धम्म वंदना, संघ वंदना व रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जंगल महल के अन्यान्य स्थानों में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।