तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। आईआईटी खड़गपुर परिसर स्थित हिजली हाई स्कूल में पश्चिम बंगाल पुलिस, पश्चिम मेदिनीपुर के सहयोग से ‘प्रिवेंशन ऑफ अर्ली मैरिज एंड नो योर राइट्स’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक बनने के प्रति जागरूक किया गया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक अमिताभ दास की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एनसी कैडेटों द्वारा अतिथियों की अगवानी एवं स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ व उत्तरीय देकर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि बुशरा बानो, आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पश्चिम मेदिनीपुर ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन है। इसे रोकने के लिए समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा, आत्मनिर्भरता और कानूनी जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं प्रश्नोत्तर सत्र में भी भाग लिया।
विशिष्ट अतिथि अमित कुमार मित्र, इंस्पेक्टर-इन-चार्ज, खड़गपुर टाउन पुलिस स्टेशन, साथी बारिक, ऑफिसर-इन-चार्ज, हिजली ट्रैफिक आउट पोस्ट तथा मनोरंजन शीट, सब-इंस्पेक्टर, खड़गपुर टाउन पुलिस स्टेशन ने कानून के पालन, साइबर सुरक्षा, महिला-पुरुष समानता और सामाजिक जिम्मेदारियों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक अमिताभ दास ने पश्चिम बंगाल पुलिस, पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस प्रशासन तथा सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और कानूनी समझ को मजबूत करने के साथ बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर अंकुश लगाने में भी प्रभावी साबित होंगे। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षाकर्मी, एनसी कैडेट तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थीं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

