संवाद सूत्र, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में आज आयोजित एक कार्यक्रम में वर्ष 1998 के पूर्व छात्र तथा पश्चिम बंगाल सरकार में पशु संसाधन विकास एवं मत्स्य विभाग के स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री राजेश महातो को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षकों, शोधार्थियों, पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। बीरेन्द्रनाथ शासमल सभागार में आयोजित समारोह में कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर, रजिस्ट्रार डॉ. जयंत किशोर नंदी और विभागाध्यक्ष डॉ. देवदास राय सहित विश्वविद्यालय के कई शिक्षक मौजूद थे।
अपने संबोधन में राजेश महतो ने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में बिताया समय और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनके सार्वजनिक जीवन में उपयोगी रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने झुमुर लोकगीत प्रस्तुत किया। अंत में विश्वविद्यालय की ओर से उनका अभिनंदन किया गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

