तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। असम में आयोजित साउथ एशियन गेम्स-2026 के अंतर्गत हुई इंटरनेशनल शाओलिन कराटे-कुंगफू प्रतियोगिता में पश्चिम मेदिनीपुर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और जुझारूपन से देश-विदेश में जिले की पहचान मजबूत की है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले मेदिनीपुर के छह खिलाड़ियों ने कुल पाँच पदक दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य अपने नाम कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की।
प्रतियोगिता से लौटकर जैसे ही खिलाड़ी मेदिनीपुर रेलवे स्टेशन पहुँचे, पूरा स्टेशन उत्सव स्थल में तब्दील हो गया। तिरंगे के साथ खिलाड़ियों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए और स्वागत करने आए लोगों की तालियों से माहौल गूंज उठा।

इस मौके पर प्रमुख समाजसेवी एवं पूर्व फुटबॉलर सुशांत घोष, समाजसेवी शिव शंकर दास, नमिता दास सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ी हैं – सागर दास, रीति राय, सेख आराजुद्दीन, शुभम दास, सानिया सरकार और उत्कर्ष अग्रवाल।
टीम के कोच तापस कुमार दास ने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि “कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद हमारे खिलाड़ी लगातार मेदिनीपुर का नाम रोशन कर रहे हैं। शाओलिन कराटे-कुंगफू में हम बिना किसी सरकारी सहायता के आगे बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने सरकार से खेलों और उभरते खिलाड़ियों को प्रोत्साहन व सहयोग देने की भी अपील की। मेदिनीपुर के इन खिलाड़ियों की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



