खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर और घाटाल सहित विभिन्न स्थानों पर आशाकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। एआईयूटीयूसी अनुमोदित आशाकर्मी यूनियन के आह्वान पर खड़गपुर ब्लॉक-1 और ब्लॉक-2 की आशाकर्मियों ने एसडीओ को डेपुटेशन सौंपा।
पुष्पा दास, मौमिता कुंडू, बुल्टी दत्ता, वैशाखी पांडा और देवयानी देव के नेतृत्व में दिए गए इस डेपुटेशन में आशाकर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को उठाया। एसडीओ ने दावों की तर्कसंगतता स्वीकार करते हुए उन्हें राज्य सरकार तक भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान पौरसभा कर्मचारी यूनियन के सदस्य भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित अन्य कार्यक्रमों के बैनर तले आयोजित किया गया।
दूसरी ओर, घाटाल में पश्चिम बंगाल आशाकर्मी यूनियन, घाटाल महकमा कमिटी के आह्वान पर एसडीओ कार्यालय के समक्ष विरोध-डेपुटेशन का आयोजन किया गया। आशाकर्मियों ने न्यूनतम 15 हजार रुपये मासिक वेतन, प्रोत्साहन भत्ता सहित सभी बकाया भुगतान, कार्यरत अवस्था में मृत आशाकर्मी के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा, वर्ष में 24 छुट्टियां सहित कुल 8 दावियों को लेकर आंदोलन किया। यह कार्यक्रम 23 दिसंबर से जारी लगातार हड़ताल का हिस्सा था।

सुबह घाटाल सुपर स्पेशालिटी अस्पताल गेट पर जमावड़ा हुआ, जहां सभा के बाद कथित काले सरकारी सर्कुलर को जलाकर विरोध जताया गया। इसके बाद विशाल जुलूस एसडीओ कार्यालय पहुंचा, जिसमें पांच सौ से अधिक आशाकर्मियों ने भाग लिया।
प्रतिनिधि दल ने एसडीओ को डेपुटेशन सौंपा, जिसे स्वीकार करते हुए उन्होंने मांगों को सीएमओएच के पास भेजने की बात कही। दोनों स्थानों पर आशाकर्मियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



