खड़गपुर ब्यूरो | 11 जुलाई 2026: आसनसोल बाजार में बिना पूर्व सूचना चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। राहा लेन से गिरजा मोड़ तक बुलडोजर चलाकर कई दुकानों को तोड़े जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया।
हॉकरों के विरोध और विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के हस्तक्षेप के बाद अभियान रोकना पड़ा।
मंत्री की बैठक और फैसला
शनिवार को मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल नगर निगम में अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार दुर्गा पूजा तक किसी भी हॉकर को नहीं हटाया जाएगा।
आसनसोल में छठ पूजा के महत्व को देखते हुए छठ पूजा तक भी कोई कार्रवाई नहीं होगी।
तीन अधिकारियों को नोटिस
मंत्री ने कहा कि निगम के तीन अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों से अनुमति लिए बिना कार्रवाई की। इसे आदेशों की अवहेलना मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निलंबन की कार्रवाई हो सकती है।
पुराने हॉकरों को राहत
40-50 वर्षों से व्यवसाय कर रहे हॉकरों को फिलहाल हटाया नहीं जाएगा। हालांकि सड़क किनारे हाल में बने अवैध ढांचों को हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा।
हॉकरों के पुनर्वास की तैयारी
राज्य सरकार आसनसोल में हॉकरों के लिए अलग टाउनशिप बनाने की योजना पर काम कर रही है। डीएम को जमीन चिन्हित करने और नगर निगम को DPR तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
सरकार का संदेश: “हॉकरों पर कार्रवाई नहीं, पहले पुनर्वास और नियमों के तहत समाधान।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।


