ए एस ए ग्रुप के चेयरमैन सत्यनारायण अग्रवाल ने पांच दिव्यांग बच्चों को गोद लिया
श्याम कुमार राई ‘सलुवावाला’ रायपुर। 4 सितंबर को रायपुर के राजेन्द्र नगर बजाज कालोनी अवस्थित अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस का पालन किया गया। मुख्य अतिथि सत्यनारायण अग्रवाल एवं विशेष अतिथियों में ध्रुव चरण अग्रवाल तथा सुनीता अग्रवाल के कर कमलों द्वारा सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम मे रायपुर के भूतपूर्व महापौर प्रमोद दुबे, शहर के प्रसिद्व व्यवसायी ध्रुव अग्रवाल एवं ए एस ए ग्रुप के चेयरमैन सत्यनारायण अग्रवाल ने अपने विचार रखे। सभी ने स्कूल के कार्यों की प्रशंसा करने के साथ अपने सामर्थ्य के अनुसार स्कूल के सहयोग के लिए हरसंभव सहयोग करने की बातें कही।
अपने वक्तव्य में सत्यनारायण अग्रवाल ने पांच दिव्यांग बच्चों को गोद लेकर उन पर होने वाले सभी खर्चों का वहन करने का भी वादा किया। इस पर उपस्थित सभी दर्शकों ने हर्षध्वनि के साथ तालियों से उनके वक्तव्य की सराहना की।
स्कूल की सेवा में विशेष सहयोग देने वाले शिक्षक व शिक्षिकाओं को शॉल, स्मृति चिन्ह और श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि और विशेष अतिथिगणों को शॉल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर आभार प्रकट किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन अध्यापिका सीमा छाबड़ा ने किया। स्कूल के प्रधानाध्यापक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

