कोलकाता | 29 जनवरी 2026: मखमली आवाज़ से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर गायक अरिजीत सिंह को लेकर एक ऐसी चर्चा सामने आई है, जिसने संगीत की दुनिया से लेकर राजनीति के गलियारों तक हलचल मचा दी है।
खबरों के मुताबिक, प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने के बाद अब अरिजीत सिंह राजनीति में एंट्री की तैयारी कर रहे हैं और पश्चिम बंगाल में अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी लॉन्च कर सकते हैं।
अगर यह अटकलें सच साबित होती हैं, तो यह भारतीय मनोरंजन और राजनीति जगत का सबसे बड़ा क्रॉसओवर माना जाएगा।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में उतरने की तैयारी?
सूत्रों के अनुसार, अरिजीत सिंह आने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने करियर को संगीत से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों की ओर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हालांकि, अब तक अरिजीत या उनकी टीम की ओर से किसी राजनीतिक दल के नाम या आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन उनके हालिया फैसलों ने चर्चाओं को और तेज़ कर दिया है।
सामाजिक कामों से मिला राजनीति का रास्ता?
अरिजीत सिंह लंबे समय से अपने गृहनगर जियागंज (मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल) में सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े उनके प्रयासों को देखते हुए माना जा रहा है कि राजनीति में आने का यह कदम अचानक नहीं, बल्कि धीरे-धीरे तैयार की गई रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
एक हालिया बयान में अरिजीत ने कहा था कि— “एक ही तरह का काम करते-करते बोरियत हो जाती है, अब कुछ नया करना चाहता हूं।”
इसी बयान को उनके संभावित राजनीतिक सफर से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्लेबैक सिंगिंग से लिया था ब्रेक
27 जनवरी को अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए यह घोषणा की थी कि वह अब फिल्मों के लिए प्लेबैक सिंगिंग नहीं करेंगे। इस फैसले ने उनके करोड़ों प्रशंसकों को चौंका दिया था।
निर्देशन की दुनिया में भी नई शुरुआत
BBC News की रिपोर्ट के अनुसार, अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से ब्रेक फिल्म निर्देशन में करियर बनाने के लिए लिया है। निर्देशक अनुराग बसु के मुताबिक, अरिजीत को निर्देशन की गहरी समझ है।
- अरिजीत की पहली निर्देशित फिल्म होगी ‘जंगल एडवेंचर’
- फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिका में होंगे
- फिल्म की कहानी अरिजीत ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर लिखी है
सुरों से सत्ता तक? अरिजीत की असाधारण यात्रा
2005 में ‘फेम गुरुकुल’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरिजीत सिंह को 2013 में ‘आशिकी 2’ के गीत ‘तुम ही हो’ ने रातों-रात सुपरस्टार बना दिया।
इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक सुपरहिट गानों से खुद को दुनिया के सबसे ज्यादा सुने जाने वाले भारतीय कलाकारों में शामिल कर लिया।
अब सवाल यही है— क्या सुरों का जादू अब सियासत में भी चलेगा?
फिलहाल अरिजीत सिंह की राजनीतिक एंट्री पर सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन इतना तय है कि अगर वह राजनीति में उतरते हैं, तो बंगाल की सियासत में नई धुन जरूर बजेगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



