बॉलीवुड डेस्क, मुंबई | 21 जुलाई 2026: टीवी शो ‘अनुपमा’ में प्रेरणा के किरदार के जरिए अपनी अलग पहचान बना रही अभिनेत्री निधि शेट्टी इन दिनों शो के मौजूदा ट्रैक को लेकर खासी चर्चा में हैं।
निधि का मानना है कि ‘अनुपमा’ सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के साथ जुड़े कई मुद्दों पर सवाल उठाने का प्लेटफॉर्म भी है।
शो की कहानी वास्तविक जीवन से जुड़ी
निधि शेट्टी ने कहा, “अनुपमा दर्शकों के दिलों तक इसलिए पहुंचता है क्योंकि इसकी कहानी काल्पनिक कम और वास्तविक जीवन के ज्यादा करीब होती है। शो में दिखाई जाने वाली परिस्थितियां वही हैं, जिनका सामना आज भी देश के कई परिवारों में महिलाएं करती हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर इस शो को देखने के बाद कुछ लोग भी अपनी सोच बदलने की कोशिश करें या महिलाओं को लेकर बने पुराने नजरिए पर दोबारा विचार करें, तो यह हमारे लिए सबसे बड़ी सफलता होगी।”
प्रेरणा का सीन और दोहरे मापदंड की बात
शो के हालिया एपिसोड में प्रेरणा परिवार के सामने अपनी बात मजबूती से रखती नजर आई।
इस सीन पर निधि ने बताया, “मैंने इस सीन में गुस्से से ज्यादा प्रेरणा की भावनाओं पर ध्यान दिया। वह अपने कपड़ों के लिए नहीं, बल्कि बार-बार अपनी निजी पसंद को लेकर जज किए जाने से थक चुकी है।”
निधि ने कहा कि यह स्थिति सिर्फ टीवी की कहानी नहीं, बल्कि वास्तविक जीवन का हिस्सा भी है।
“आज भी कई महिलाएं ऐसे दोहरे मापदंड का सामना करती हैं। किसी महिला का सम्मान इस बात से तय नहीं होना चाहिए कि वह क्या पहनती है या परिवार में उसकी क्या भूमिका है। हर महिला को अपनी पसंद से जीवन जीने और फैसले लेने का अधिकार है।”
निजी जीवन से भी जुड़ा अनुभव
अभिनेत्री ने खुलकर बताया कि यह मुद्दा उनके निजी जीवन से भी जुड़ा है। “एक अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर होने के कारण मुझे भी कई बार सिर्फ तस्वीरों या सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर जज किया गया।
कई बार मेरे पहनावे को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा, लेकिन अब मैं समझ चुकी हूं कि हर किसी को खुश करना संभव नहीं है। सबसे जरूरी खुद के साथ सहज और आत्मविश्वासी रहना है।”
संपत्ति में हिस्सा मांगने का ट्रैक
फिलहाल शो में प्रेरणा परिवार की संपत्ति में अपना हिस्सा मांगती नजर आ रही है। इस ट्रैक पर सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
निधि ने इसे स्पष्ट करते हुए कहा, “इस कहानी को गलत तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए। प्रेरणा अब सम्मान के साथ जीना चाहती है। संपत्ति में हिस्सा मांगने का उद्देश्य लालच नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सुरक्षित भविष्य है।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



