तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। विद्यासागर विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागृह में रविवार को पुराने रिश्तों और सुनहरी यादों का सैलाब उमड़ पड़ा। केंद्रीय प्राक्तनी संसद के छठे पुनर्मिलन उत्सव ‘सागरे फेरा-6’ में 800 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं, पूर्व एवं वर्तमान शिक्षक-शिक्षिकाओं, विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। लंबे अंतराल के बाद पुराने सहपाठियों और गुरुजनों से मिलकर कई पूर्व छात्र भावुक नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद पंडित रविशंकर की कालजयी रचना ‘स्वागतम् शुभ स्वागतम्’ ने पूरे सभागृह को भावनाओं से भर दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तथा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर, भूतपूर्व छात्र एवं विधायक डॉ. शंकर कुमार गुच्छाइत, डॉ. चंद्रशेखर मंडल, प्राक्तनी संसद के अध्यक्ष प्रो. मधुमंगल पाल, कला एवं वाणिज्य संकाय के डीन प्रो. अरिंदम गुप्ता, विज्ञान संकाय के डीन प्रो. परेशचंद्र जाना, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, रजिस्ट्रार डॉ. जयंत किशोर नंदी तथा प्राक्तनी संसद के सचिव डॉ. प्रभास कुमार सिंह समेत अनेक विशिष्ट लोग उपस्थित रहे।
विशिष्ट प्राक्तनी सम्मान से सम्मानित प्रो. अभिजीत गुहा एवं डॉ. सर्वश्री बंद्योपाध्याय तथा युवा प्राक्तनी सम्मान प्राप्त डॉ. वरुण महतो भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रगति में पूर्व छात्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वविद्यालय के भविष्य के विकास में प्राक्तन छात्रों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। डॉ. शंकर कुमार गुच्छाइत ने विश्वविद्यालय की समृद्ध परंपरा तथा क्षेत्र में शिक्षा और संस्कृति के विकास में उसके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का सांस्कृतिक पक्ष भी आकर्षण का केंद्र रहा। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की ओर से गीतालेख्य, नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियां पेश की गईं। प्रस्तुतियों के दौरान सभागृह तालियों से गूंजता रहा। मंच से उठती संगीत की धुनों के बीच कई पूर्व छात्र स्वयं को रोक नहीं सके और उत्साह के साथ नृत्य करते नजर आए।
पुनर्मिलन के दौरान वर्षों पुरानी दोस्ती फिर से जीवंत हो उठी। कोई पुराने सहपाठी की तलाश करता दिखा तो कोई अपने शिक्षकों के साथ छात्र जीवन की यादें साझा करता नजर आया। तस्वीरें खिंचाने और पुरानी यादों को कैमरे में कैद करने का सिलसिला भी चलता रहा। कुछ घंटों के लिए ऐसा लगा मानो बीते वर्षों का फासला मिट गया हो और विश्वविद्यालय परिसर फिर से छात्र जीवन की चहल-पहल से भर उठा हो।
दिनभर चले आयोजन में प्राक्तनी संसद की स्मारिका ‘स्मरणिका’ का विमोचन भी किया गया। इसके अलावा सामूहिक फोटोग्राफी और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को यादगार बना दिया।
‘सागरे फेरा-6’ ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि विश्वविद्यालय से जुड़ा रिश्ता डिग्री मिलने के साथ समाप्त नहीं होता।
समय बीतने के बावजूद संस्थान, सहपाठियों और शिक्षकों से जुड़ी स्मृतियां लोगों को वापस अपनी ओर खींच लाती हैं। भूतपूर्व छात्रों की भारी भागीदारी और उत्साह के बीच आयोजित यह पुनर्मिलन विद्यासागर विश्वविद्यालय के इतिहास में एक यादगार और गौरवपूर्ण अध्याय बन गया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

